चिरमिरी| शासकीय लाहिड़ी पीजी कॉलेज में नशामुक्ति संकल्प व शपथ दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं और समाज में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाना और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना रहा। कार्यक्रम का आयोजन जिला कलेक्टर कार्यालय समाज कल्याण विभाग के निर्देशानुसार हुआ। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य, प्राध्यापक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उपस्थित सभी लोगों को नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए शपथ दिलाई। शपथ के माध्यम से सभी ने यह संकल्प लिया कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे और अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी नशामुक्त जीवन अपनाने प्रेरित करेंगे। इस दौरान महाविद्यालय परिसर में नशामुक्ति जागरूकता रैली भी निकाली, जिसमें विद्यार्थियों ने हाथों में तख्तियां और स्लोगन लेकर नशे के खिलाफ संदेश दिया। रैली के दौरान नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो जैसे नारों से वातावरण गुंजायमान हो उठा। वक्ताओं ने कहा कि नशा व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक जीवन को प्रभावित करता है।


