बोर्ड परीक्षा के प्रश्न-पत्रों का वितरण आज, 15 वाहनों से थानों में जमा कराएंगे

भास्कर संवाददाता | चूरू 12 फरवरी से जिले के 233 केंद्रों पर शुरू होने वाली माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की 10वीं एवं 12वीं परीक्षा के प्रश्नपत्रों का वितरण गुरुवार को राजकीय बागला उमावि में होगा। प्रश्नपत्रों एवं बोर्ड सामग्री की खेप बुधवार को बागला स्कूल पहुंची, जिसे डीईओ एवं एडीईओ की मौजूदगी में कड़ी सुरक्षा के बीच बोर्ड के ट्रक से उतारा गया। डीईओ मा. मुख्यालय किशनलाल गहनोलिया ने बताया कि प्रश्नपत्रों का वितरण 5 फरवरी को सुबह 9 बजे से किया जाएगा। सभी केंद्राधीक्षक एवं अतिरिक्त केंद्राधीक्षकों को बुलाया गया है। प्रश्नपत्रों के बंडल केंद्रों तक 15 वाहनों के जरिये भिजवाए जाएंगे। प्रत्येक वाहन में डीईओ के प्रतिनिधि के रूप में तीन कार्मिकों की टीम जाएंगी, जिसमें एक नोडल अधिकारी एवं दो अन्य कार्मिक होंगे। सुरक्षा के तौर पर प्रत्येक वाहनों में दो-दो पुलिसकर्मी जाएगे। इन वाहनों में केंद्राधीक्षक भी साथ जाएंगे, जो निकटतम थाने में रखी आलमारी प्रश्नपत्रों के लिफाफों को रखकर सीलबद्ध करेंगे।
8 से शुरू होगा कंट्रोल रूम : डीईओ कार्यालय में बोर्ड परीक्षा के तहत 8 फरवरी से कंट्रोल रूम गठित किया जाएगा, जो कि परीक्षा समाप्ति तक जारी रहेगा। जबकि बोर्ड कार्यालय 5 फरवरी से कंट्रोल रूम शुरू किया जाएगा, जो 11 मार्च तक कार्यरत रहेगा। ऑनलाइन सत्रांक 4 मार्च तक भरने होंगे : बोर्ड परीक्षा में उच्च माध्यमिक, माध्यमिक, व. उपाध्याय, प्रवेशिका एवं व्यावसायिक शिक्षा के रेगुलर परीक्षार्थियों के सत्रांक स्कूलों द्वारा ऑनलाइन 3 फरवरी से 4 मार्च तक तक बोर्ड वेबसाइट पर भरे जाएंगे। सत्रांक भरने संबंधित प्रक्रिया एवं निर्देश वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। सत्रांक अपलोड करने के बाद इसकी हार्ड कॉपी प्रिंट कर सुरक्षित रखनी होगी। बोर्ड को प्रेषित नहीं करें। इस संबंध में बोर्ड ने दिशा निर्देश जारी किए हैं। एडीईओ मा. कमल शर्मा ने बताया कि बोर्ड ने मंगलवार को अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड कर दिए हैं। संबंधित स्कूल, अग्रेषण अधिकारी अपनी आईडी, पासवर्ड से डाउनलोड कर प्रवेश पत्रों की हार्ड कॉपी निकालकर प्रमाणीकरण के बाद संबंधित परीक्षार्थियों को वितरित कर सकेंगे। रेगुलर परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र संबंधित संस्था प्रधान तथा स्वयंपाठी परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र संबंधित अग्रेषण अधिकारी डाउनलोड कर सकेंगे। किसी प्रवेश पत्र पर परीक्षार्थी की फोटो प्रिंट नहीं होने या त्रुटिपूर्ण होने पर शाला प्रधान व अग्रेषण अधिकारी द्वारा परीक्षार्थी का सही फोटो लगवाकर प्रमाणित कर प्रवेश पत्र परीक्षार्थी को वितरित करना होगा। बोर्ड कार्यालय में इसकी सूचना भेजकर संशोधन करवाना होगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *