भास्कर न्यूज| झालावाड़ कोतवाली थाना पुलिस ने बाइक चोरी करने वाली गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 4 वाहन चोरों को गिरफ्तार कर इनके पास से 7 बाइकें बरामद की है। आरोपियों को गुरुवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। कोतवाली थानाधिकारी मुकेश मीणा के नेतृत्व में टीम का गठन कर वाहन चोरी होने वाले स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर लगातार निगरानी की। बुधवार को भी नाकाबंदी के दौरान वाहनों की जांच की जा रही थी। तभी दो लोगों के वाहनों की जांच की तो वाहन चोरी का निकला। इस पर मल मोहल्ला राडी के बालाजी झालावाड़ निवासी अफसर पुत्र मोहम्मद फारुख, खानपुरिया निवासी आशाराम पुत्र प्रकाश मीणा, जरेल सदर थाना झालावाड़ निवासी राजू व बिरियाखेड़ी निवासी पिंकू पुत्र सोहनलाल को गिरफ्तार किया। पुलिस ने अफसर और आशाराम के कब्जे से दो-दो बाइक व राजू व पिंकू के कब्जे से 3 बाइक बरामद की। रिमांड पर लेकर अन्य बाइक चोरी की वारदातों के बारे में अनुसंधान किया जाएगा। वाहनों की पहचान बदल देते थे : पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वाहन चुराने के लिए भीड़भाड़ वाली जगह पर जाकर वाहनों की रैकी करते है। जैसे ही कोई अपना वाहन खड़ा करके जाता है तुरंत उसके पीछे से गाड़ी चोरी कर झाड़ियों में छिपा देते है। गाड़ियां की नंबर प्लेट हटा देते है या उन पर दूसरी गाड़ी की नंबर प्लेट लगा देते थे।


