धनबाद में मैट्रिक और इंटरमीडिएट की परीक्षाओं को कदाचार मुक्त बनाने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। 11 फरवरी से शुरू होने वाली इन परीक्षाओं में कुल 54,604 विद्यार्थी शामिल होंगे। मैट्रिक के 104 केंद्रों पर 28,369 और इंटर के 89 केंद्रों पर 26,235 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। न्यू टाउन हॉल में आयोजित बैठक में डीसी माधवी मिश्रा ने सभी केंद्र प्रमुखों को महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली की जांच और पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। पेट्रोलिंग और स्टैटिक मजिस्ट्रेट को प्रश्न पत्रों के समय पर वितरण की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कर्मचारियों की छुट्टियों पर रोक परीक्षा के दौरान अनुशासन बनाए रखने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। कर्मचारियों की छुट्टियों पर रोक लगाते हुए डीसी ने स्पष्ट किया कि केवल नोडल अधिकारी की अनुमति से ही आवश्यक छुट्टियां स्वीकृत की जाएंगी। एसएसपी एचपी जनार्दनन ने पुलिस अधिकारियों को परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शुरू होने से आधा घंटा पहले पहुंचने और कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया है। परीक्षाएं 3 मार्च तक चलेंगी और इस दौरान प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी। जिला प्रशासन का मुख्य लक्ष्य परीक्षाओं को पूरी तरह से नकल-मुक्त और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराना है।


