शहर में इन दिनों शादी-समारोहों की रौनक के बीच अघोषित बिजली कटौती ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। इसी मुद्दे को लेकर भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने बीकेईएसएल के सीओ हरीश सिंह से मुलाकात कर शहर की बिजली व्यवस्थाओं में सुधार के लिए ठोस सुझाव सौंपे। शहर में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती और पुष्करणा सावे जैसे बड़े सामाजिक आयोजनों के दौरान सुचारू विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग को लेकर भाजपा नेताओं ने बीकेईएसएल कार्यालय पहुंचकर कंपनी प्रशासन से जवाब मांगा। प्रतिनिधिमंडल में भाजपा के पूर्व महामंत्री मोहन सुराणा, पूर्व जिला उपाध्यक्ष डॉ. भगवान सिंह मेड़तिया, भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष वेद व्यास, विक्रम सिंह राजपुरोहित सहित कई पदाधिकारी शामिल रहे। प्रतिनिधियों ने सीओ हरीश सिंह के समक्ष उपभोक्ताओं की प्रमुख समस्याएं रखीं। उन्होंने कहा कि रात या अलसुबह बिना सूचना विजिलेंस टीमों का घरों में पहुंचना आमजन के लिए असुविधाजनक और भय का कारण बन रहा है, इसे तत्काल रोका जाए। बिना नोटिस मीटर हटाने की कार्रवाई भी बंद हो तथा उपभोक्ताओं से सौम्यता से व्यवहार किया जाए। रखरखाव के नाम पर रोजाना होने वाली कटौती पर भी प्रतिनिधिमंडल ने नाराजगी जताई। उनका कहना था कि शादी-समारोहों के मौसम में बिजली बाधित होने से सामाजिक कार्यक्रमों पर सीधा असर पड़ता है। उन्होंने सुझाव दिया कि जहां फॉल्ट हो, वहां अस्थायी रूप से जनरेटर से आपूर्ति की व्यवस्था की जाए ताकि उपभोक्ताओं को राहत मिल सके। सीओ हरीश सिंह ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि सुझावों पर गंभीरता से काम होगा और आने वाले दिनों में व्यवस्थाओं में सुधार दिखेगा। उन्होंने बेहतर सेवा देने की प्रतिबद्धता भी दोहराई। इस दौरान राजेंद्र सिंह खारा, के. लाल जोशी, गोविंद सेवग, शुभम भोजक सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।


