भास्कर न्यूज | बाड़मेर टीम बाड़मेर की ओर से जिले में विभिन्न क्षेत्रों में धरातल पर बेहतरीन एवं उल्लेखनीय कार्य करने वाली विशिष्ट प्रतिभाओं को सम्मानित करने के उद्देश्य से आगामी 8 फरवरी को बाड़मेर गौरव सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। यह समारोह स्थानीय भगवान महावीर टाउन हॉल में सुबह 9.30 बजे आयोजित होगा। जिसमें जिले की उन शख्सियतों को सम्मानित किया जाएगा जिन्होंने शिक्षा, समाज सेवा, उद्योग, प्रशासन, महिला सशक्तिकरण सहित अन्य क्षेत्रों में प्रेरणादायी योगदान दिया है। टीम बाड़मेर के अध्यक्ष सुरेश जाटोल ने बताया कि इस सम्मान समारोह का मुख्य उद्देश्य जिले की प्रतिभाओं को एक सशक्त मंच प्रदान करना है, ताकि उनका कार्य समाज के सामने आए और अन्य लोगों को भी प्रेरणा मिल सके। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर टीम बाड़मेर की एक अति महत्वपूर्ण बैठक गुरुवार को इंदिरा कॉलोनी स्थित महिला मंडल बाड़मेर आगोर कार्यालय में सायं 4 बजे आयोजित की जाएगी, जिसमें आयोजन की रूपरेखा और व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। टीम बाड़मेर के महामंत्री अबरार मोहम्मद ने बताया कि बाड़मेर गौरव सम्मान समारोह के मुख्य अतिथि उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के राज्य मंत्री के के विश्नोई होंगे। वहीं समारोह की अध्यक्षता बाड़मेर विधायक डॉ. प्रियंका चौधरी करेंगी। कार्यक्रम में अति विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला कलेक्टर टीना डाबी और जिला पुलिस अधीक्षक नरेंद्रसिंह मीणा उपस्थित रहेंगे। समारोह में विशिष्ट अतिथियों के रूप में अतिरिक्त जिला कलेक्टर राजेंद्र सिंह चांदावत, बाड़मेर उपखंड अधिकारी यशार्थ शेखर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश आर्य, केयर्न वेदांता के ब्रिगेडियर भरतसिंह, युवा उद्यमी एवं समाजसेवी जोगेंद्रसिंह चौहान, महिला मंडल बाड़मेर के निदेशक आदिल खान, समाज सेविका राजश्री भाटी, युवा उद्यमी मनोहर पावड़ा, युवा उद्यमी प्रेम सऊ तथा युवा उद्यमी ठाकराराम थोरी शिरकत करेंगे। इस अवसर पर राजयोगिनी बीके बबीता बहन ने जिले के अधिक से अधिक आमजन से समारोह में भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा और प्रेरणा का संचार करते हैं। कार्यक्रम के दौरान टीम बाड़मेर के संरक्षक कमलसिंह रानीगांव, अध्यक्ष सुरेश जाटोल, कोषाध्यक्ष हरीश सुथार, डॉ. आनंद जे थोरी मौजूद रहेंगे।


