स्टेट बास्केटबॉल: पुरुष वर्ग में फॉरेस्ट और महिला वर्ग में रेलवे टीम विजेता

भास्कर न्यूज | जांजगीर स्व. विनोद नेमी जी की स्मृति में आयोजित राज्य स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता का समापन हुआ। प्रतियोगिता के अंतिम दिन खेले गए फाइनल मुकाबलों में पुरुष वर्ग में फॉरेस्ट टीम तथा महिला वर्ग में एसईसीआर रेलवे टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया। इस प्रतियोगिता ने न केवल खेल कौशल का प्रदर्शन किया, बल्कि खेल भावना, अनुशासन और स्मृतियों को जीवंत रखने का उदाहरण भी प्रस्तुत किया। इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में कुल 9 पुरुष एवं 8 महिला टीमों ने भाग लिया। कई दिनों तक चले मुकाबलों में खिलाड़ियों ने जबरदस्त उत्साह और प्रतिस्पर्धात्मक खेल का प्रदर्शन किया, जिससे दर्शकों को रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। पुरुष वर्ग का फाइनल मुकाबला फॉरेस्ट और भिलाई टीम के बीच खेला गया। मुकाबला शुरू से ही बेहद रोचक रहा। दोनों टीमों ने आक्रामक खेल दिखाया, लेकिन फॉरेस्ट टीम ने बेहतर तालमेल, तेज पासिंग और सटीक शूटिंग के दम पर बढ़त बनाए रखी। अंततः फॉरेस्ट टीम ने भिलाई को 74-63 अंकों से पराजित कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया। प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार के रूप में 11,000 रुपए व ट्रॉफी और द्वितीय पुरस्कार के रूप में 7,100 रुपए व ट्रॉफी प्रदान की गई। बेस्ट खिलाड़ी ट्रॉफी चंद्रशेखर निर्मलकर व संदीप सिंह की स्मृति में प्रदान की गई, जबकि तृतीय पुरस्कार शशिभूषण सिंह की स्मृति में प्रदान किया गया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि विधायक व्यास कश्यप रहे। उनके साथ कांग्रेस जिला अध्यक्ष राजेश अग्रवाल, दिनेश शर्मा, अमर सुल्तानिया, मनोज पाण्डेय, जिला हॉकी संघ अध्यक्ष गोपेश्वर कहरा, पार्षद अरमान खान, अजीत गढ़वाल, डॉ. लोकेंद्र कश्यप, जितेंद्र तिवारी सहित अनेक विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे। स्पर्धा में शामिल खिलाड़ियों के साथ अतिथि। राजनांदगांव रहा उपविजेता महिला वर्ग के फाइनल मुकाबले में एसईसीआर रेलवे और राजनांदगांव की टीम आमने-सामने थीं। मुकाबले में रेलवे टीम ने शुरुआत से ही अपना दबदबा बनाए रखा। अनुशासित खेल, मजबूत डिफेंस और तेज आक्रमण के चलते रेलवे टीम ने राजनांदगांव को 55-35 अंकों से हराकर महिला वर्ग का खिताब अपने नाम किया। रेलवे टीम की एकजुटता और रणनीति ने उन्हें प्रतियोगिता की सबसे सशक्त टीम साबित किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *