नरसिंहपुर पुलिस ने शराब तस्करी के फरार आरोपी पर मात्र एक रुपए का इनाम रखा है। जी हां, आपसे पढ़ने में गलती नहीं हुई है…इनाम एक रुपए का ही है। वो भी एसपी ऋषिकेश मीना ने सोच-समझकर रखा है। मामला समझने के लिए थोड़ा पीछे चलते हैं। 9 जनवरी 2026 को नरसिंहपुर की करेली थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि थार गाड़ी में भरकर अवैध शराब गाडरवारा से नरसिंहपुर लाई जा रही है। पुलिस ने घेराबंदी कर ली। ये देखकर ड्राइवर ने गाड़ी मोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन करीब 200 मीटर पीछा करने के बाद पुलिस ने थार को रोक लिया। गाड़ी से पकड़ी 44 पेटी शराब
पुलिस ने थार की तलाशी ली, तो उसमें से 44 पेटी यानी करीब 396 लीटर देसी शराब बरामद हुई। मौके से पुलिस ने सुरेंद्र लोधी और सलीम खान को गिरफ्तार कर लिया, लेकिन इस धंधे का मास्टरमाइंड धनराज लोधी भागने में कामयाब रहा। हर ठिकाने पर तलाश कर हारी पुलिस
करीब एक महीने तक पुलिस ने धनराज को हर संभावित ठिकाने पर तलाश किया लेकिन वो पकड़ में नहीं आया। थक-हारकर अब एसपी ऋषिकेश मीना ने उसकी गिरफ्तारी पर इनाम रख दिया है। वो भी पूरे एक रुपए का। एसपी ने ये भी कहा है कि जो भी धनराज के बारे में जानकारी देगा, उसका नाम गुप्त रखा जाएगा। आरोपी पर 14 केस दर्ज
एसपी मीना ने बताया कि धनराज पर कुल 14 मामले दर्ज हैं। इनमें सट्टा, मारपीट और शराब तस्करी के केस शामिल हैं। वह ठेमी, स्टेशनगंज, सुआतला, तेंदूखेड़ा थाना क्षेत्र में अवैध शराब के गोरखधंधे का मुख्य सरगना है। हर बार अलग-अलग क्षेत्र से शराब उठाता है। ये खबर भी पढ़ें… नशे में धुत दो युवतियों का सड़क पर हंगामा, VIDEO रीवा में शराब के नशे में धुत दो युवतियों ने सड़क पर ही जमकर हंगामा किया। उन्होंने रास्ते से गुजर रहे लोगों से बदसलूकी की। गाड़ियों में तोड़फोड़ करने की कोशिश की। दोनों युवतियां शराब के नशे में इस कदर चूर थीं कि संभल भी नहीं पा रही थीं। वे बार-बार खड़ी होतीं, एक-दूसरे को पकड़तीं, फिर गिर पड़तीं। पढ़ें पूरी खबर…


