भरतपुर स्थापना दिवस:13 फरवरी से शुरू होगा सात दिवसीय महोत्सव का महाकुंभ

राजस्थान के ऐतिहासिक शहर भरतपुर का 293वां स्थापना दिवस इस बार भव्यता और जनभागीदारी के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर 13 से 19 फरवरी तक सात दिवसीय ”भरतपुर महोत्सव” का आयोजन किया जाएगा, जिसमें शहर के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन को एक मंच प्रदान किया जाएगा। इस आयोजन की रूपरेखा तैयार करने के लिए बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता अतिरिक्त कलेक्टर प्रशासन घनश्याम शर्मा ने की। बैठक में विभिन्न विभागों और संगठनों की भूमिका और कार्यक्रमों के विस्तृत शेड्यूल पर चर्चा हुई। अतिरिक्त कलेक्टर प्रशासन घनश्याम शर्मा ने कहा कि इन कार्यक्रमों का उद्देश्य आमजन को भरतपुर की धरोहर से भावनात्मक रूप से जोड़ना है। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि सात दिवसीय कार्यक्रमों में अधिक से अधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए, ताकि पूरे जिले में महोत्सव जैसा वातावरण बन सके। उन्होंने शहर में वार्डवार स्वच्छता अभियान चलाने और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त शहर के लिए जागरूकता फैलाने पर भी बल दिया। महोत्सव का समापन 19 फरवरी को धूमधाम से होगा। इस दिन सुबह स्वाभिमान मार्च और पुष्पांजलि कार्यक्रम के बाद शाम को विश्व प्रिय शास्त्री पार्क में एक भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसके साथ यह महोत्सव विधिवत रूप से संपन्न होगा। बैठक में निदेशक केवलादेव राष्ट्रीय उद्यान चेतन कुमार बीवी, अतिरिक्त कलक्टर शहर राहुल सैनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। महोत्सव की रोचक झलकियाँ… महोत्सव की शुरुआत 13 फरवरी को महाराजा सूरजमल की जयंती पर किशोरी महल में पुष्पांजलि और संगोष्ठी के साथ होगी। 14 फरवरी से केवलादेव राष्ट्रीय उद्यान में ”घना बर्ड फेस्टिवल” का आयोजन किया जाएगा, जिसमें फोटो प्रदर्शनी और विदेशी पर्यटकों के लिए रोचक प्रतियोगिताएं होंगी। विश्व प्रिय शास्त्री पार्क में 14 से 16 फरवरी तक तीन दिवसीय ”फ्लावर शो” का आयोजन किया जाएगा, जहाँ औषधीय पौधों और हरित पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाएगी। इसी दौरान डिस्ट्रिक्ट क्लब में लॉन्ग टेनिस, बैडमिंटन और शतरंज की प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी। इसके अलावा, 17 फरवरी को नई मंडी में रक्तदान शिविर, 18 फरवरी को बिहारी जी मंदिर में महाआरती और शाम को बांके बिहारी जी मंदिर से किशोरी महल तक भव्य दीपदान कार्यक्रम का आयोजन होगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *