जिले के ग्रामीण इलाकों में जहां सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा, वहीं शहर में तेज धूप निकलने से सर्दी का असर काफी हद तक कम हो गया। मौसम में इस तरह के अंतर के चलते लोगों को दिनभर बदलते मौसम का अनुभव करना पड़ा। देखे PHOTOS….. ग्रामीण क्षेत्रों में कोहरे का असर सबसे ज्यादा देखने को मिला। सुबह के समय कई इलाकों में विजिबिलिटी घटकर करीब 60 मीटर रह गई, जिससे वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। खासकर ग्रामीण सड़कों पर चलने वाले दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को धीमी गति से वाहन चलाने पड़े। कोहरे के कारण खेतों में खड़ी फसलों पर ओस की मोटी परत जमी हुई नजर आई, जो सूरज की पहली किरण पड़ते ही पिघलकर टपकने लगी। वहीं शहर में बीते कुछ दिनों से लगातार तेज धूप निकलने के कारण सर्दी का असर कम होता दिखाई दे रहा है। धूप के चलते दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिससे लोगों को ठंड से कुछ राहत मिली है। तापमान की बात करें तो जिले में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस जबकि अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले तीन दिनों तक जिले में बादल छाए रहने की संभावना जताई गई है। ऐसे में सुबह-शाम हल्की ठंड बनी रह सकती है, जबकि दिन में तापमान सामान्य से थोड़ा अधिक रहने की उम्मीद है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि बादलों की आवाजाही के चलते तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।


