डांस नहीं करने के विवाद में सिर में मारी बोतल:बड़वानी में शादी में गाली-गलौज भी किया, केस दर्ज; आरोपी फरार

बड़वानी के नवलपुरा क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। फरियादी बलराम पिता भगवान वर्मा (54) निवासी कांजी हाउस के सामने, नवलपुरा की शिकायत पर थाने में प्रकरण दर्ज किया गया है। फरियादी ने बताया कि बुधवार रात करीब 10:30 बजे उनकी बेटी आरती वर्मा की शादी चल रही थी। परिवारजन नाच-गाना कर रहे थे, तभी मोहल्ले का बिट्टू उर्फ रईस मंसूरी वहां पहुंचा। उसने नाचने से मना किया और मां-बहन की गालियां देते हुए जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया। आरोपी शराब की बोतल मारकर फरार हो गया विरोध करने पर आरोपी ने अपने हाथ में रखी शराब की बोतल से रौनक मंडलोई के सिर पर हमला कर दिया, जिससे उन्हें सिर और हाथ में गंभीर चोटें आई। जितेंद्र मंडलोई के पैर में भी चोट लगी। बीच-बचाव करने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गया। आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने की मांग घायल रौनक मंडलोई ने बताया, “हम शादी में नाच रहे थे, तभी बिट्टू नामक युवक ने अचानक हमला कर दिया। मेरे सिर में चोट आई है। इसके बाद हम थाने पहुंचे और आवेदन दिया है। हम चाहते हैं कि आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए।” चेतन रोमेड ने भी घटना की पुष्टि करते हुए कहा, “हमारे साथ यह घटना हुई है, हम सभी आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हैं।” पुलिस ने विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296बी, 115(2), 351(3) और अनुसूचित जाति/जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम (SC/ST एक्ट) की धाराओं 3(1)(व), 3(1)(घ), 3(2)(v-a) के तहत केस दर्ज किया है। उप निरीक्षक रविंद्र कन्नौज ने जानकारी दी कि आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया गया है। आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और वह पुलिस की निगरानी सूची में शामिल है। पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और आरोपी के मिलते ही कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *