पहले दोस्त बने फिर लूट; कैश, घड़ी और जूते छीने:छिंदवाड़ा में युवक को ढाबे पर खाना खिलाया, फिर मारपीटकर लूटा, 2 आरोपी गिरफ्तार

छिंदवाड़ा की अमरवाड़ा थाना पुलिस ने लूट के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 1.80 लाख रुपए की मशरूका जब्त की है। आरोपियों ने बस से उतरे एक युवक को दोस्ती का झांसा देकर पहले ढाबे पर खाना खिलाया और फिर लूट की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार मुकेश दुबे (35) निवासी ग्राम मढई, थाना चौरई, 29 जनवरी को छिंदवाड़ा से करेली जा रहे थे। स्लीपर सीट नहीं मिलने पर वे सिंगोड़ी बायपास पर उतर गए। वहीं उनकी मुलाकात सिंगोड़ी निवासी अर्जुन बुनकर और आकाश वर्मा से हुई। दोनों ने बातचीत कर विश्वास में लिया और उन्हें विशाल ढाबा, सिंगोड़ी ले जाकर खाना खिलाया। कैश, घड़ी और जूते लूटे
खाने के दौरान मुकेश के पास मौजूद कैश की गड्डी देखकर दोनों आरोपियों के मन में लालच आ गया। इसके बाद उन्होंने मुकेश को अमरवाड़ा छोड़ने का बहाना बनाया और मोटरसाइकिल से पिंडरई डबीर और खामीहीरा के बीच सुनसान सड़क पर ले जाकर मारपीट की। आरोपियों ने 25 हजार रुपए नगद, सोनाटा कंपनी की घड़ी और कैंपस कंपनी के जूते लूट लिए और पल्सर बाइक से फरार हो गए। आरोपियों के पास से लूट का सामान जब्त
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अप.क्र. 54/2026, धारा 309(6) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मुखबिर तंत्र और साइबर सेल की मदद से सूचना मिलने पर पुलिस ने भुमका घाटी क्षेत्र से दोनों आरोपियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने जुर्म कबूल किया, जिसके बाद उनकी निशानदेही पर नगदी, घड़ी, जूते और घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल MP-28-ZE-2499 जब्त की गई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *