मध्य प्रदेश के एकमात्र हिल स्टेशन और सतपुड़ा की रानी पचमढ़ी में इन दिनों फिल्म शूटिंग का माहौल है। ओटीटी प्लेटफॉर्म पर आने वाली हिंदी फिल्म “अंडरकवर” की शूटिंग पिछले एक सप्ताह से पचमढ़ी में चल रही है। फिल्म के लिए यहां के खूबसूरत और प्राकृतिक नजारों को कैमरे में कैद किया जा रहा है। रोमांचक मर्डर मिस्ट्री है ‘अंडरकवर’ वर्सेटाइल मोशन पिक्चर्स के बैनर तले बन रही फीचर फिल्म “अंडरकवर” (अस्थायी नाम) एक रोमांचक मर्डर मिस्ट्री पर आधारित है। फिल्म की कहानी सस्पेंस, रिश्तों और भावनाओं के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसमें हर मोड़ पर दर्शकों को चौंकाने वाले दृश्य देखने को मिलेंगे। पचमढ़ी क्यों बनी शूटिंग की पसंद फिल्म की कहानी के कई अहम दृश्य पचमढ़ी में ही फिल्माए जा रहे हैं। यहां के घने जंगल, शांत और एकांत स्थान तथा रहस्यमयी माहौल फिल्म की कहानी को और प्रभावी बना रहे हैं। इससे दर्शकों को एक अलग और रोमांचक सिनेमाई अनुभव मिलेगा। दोस्तों की मुलाकात, फिर खौफनाक मोड़ फिल्म में दिखेगा फिल्म के डायरेक्टर आराध्य गौतम के अनुसार, कहानी दोस्तों के एक ऐसे समूह की है जो कई सालों बाद एक री-यूनियन के लिए मिलते हैं। शुरुआत यादों और हंसी-मजाक से होती है, लेकिन अचानक उनके ही एक दोस्त की हत्या हो जाती है। इसके बाद कहानी में सस्पेंस बढ़ता जाता है और हर दोस्त शक के घेरे में आ जाता है। प्रोड्यूसर्स ने क्या कहा फिल्म के प्रोड्यूसर हर्ष मैनरा और उपेन्द्र शर्मा ने बताया कि “अंडरकवर” सिर्फ ट्विस्ट्स पर आधारित फिल्म नहीं है, बल्कि इसमें किरदारों की भावनाएं और रिश्ते कहानी को आगे बढ़ाते हैं। फिल्म की कास्ट, क्रू और रिलीज से जुड़ी जानकारी जल्द ही मीडिया के सामने लाई जाएगी। फिल्म टूरिज्म हब बना नर्मदापुरम नर्मदापुरम (होशंगाबाद) जिला अब फिल्म शूटिंग और फिल्म टूरिज्म का बड़ा केंद्र बनता जा रहा है। कलेक्टर सोनिया मीना और जिला पंचायत सीईओ के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन फिल्म यूनिट्स को बेहतर सुविधाएं, समय पर अनुमति और सुरक्षित माहौल उपलब्ध करा रहा है। पहले भी हो चुकी है कई बड़ी शूटिंग इस जिले में पहले भी कई बड़ी फिल्मों और वेब सीरीज की शूटिंग हो चुकी है। इनमें फिल्म राजनीति, टॉयलेट: एक प्रेम कथा, चक्रव्यूह, आरक्षण वेब सीरीज महारानी सीजन 2, 3 और 4 और सोनी टीवी के क्राइम पेट्रोल सीजन-2 के एपिसोड शामिल हैं। फिल्म चक्रव्यूह की पचमढ़ी में हुई थी अधिकांश शूटिंग प्रसिद्ध फिल्ममेकर प्रकाश झा की फिल्म चक्रव्यूह की अधिकांश शूटिंग पचमढ़ी में हुई थी, जिसमें सतरस्ता, साडा ऑफिस और जंगल जैसे लोकेशन दिखाए गए थे। वहीं, टॉयलेट: एक प्रेम कथा की शूटिंग जगदीश मंदिर घाट और आसपास के इलाकों में की गई थी।


