डीडवाना-कुचामन महिला कांग्रेस को मिली नई जिलाध्यक्ष:गच्छीपुरा की कोमल लाडना को सौंपी गई कमान

अखिल भारतीय महिला कांग्रेस ने राजस्थान के 10 जिलों में नए जिलाध्यक्षों की नियुक्ति की है। इसी क्रम में डीडवाना-कुचामन जिले की कमान गच्छीपुरा निवासी कोमल लाडना को सौंपी गई है। इस घोषणा के बाद जिलेभर में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में उत्साह देखा गया। जारी सूची के अनुसार, बूंदी से चंद्रावती कंवर, नीमकाथाना से खुशाल चौहान, बाड़मेर से किरण, जयपुर ग्रामीण (पूर्व) से मानसी मीणा, जयपुर ग्रामीण (पश्चिम) से पुष्पा मेघवाल, चित्तौड़गढ़ से यशोदा पुरोहित, सलूंबर से रेशमा मीणा, नागौर से सीमा और भीलवाड़ा ग्रामीण से सुशीला सालवी को जिलाध्यक्ष बनाया गया है। कोमल लाडना ब्लॉक मकराना की सक्रिय कार्यकर्ता रही हैं। उनका जन्म 21 नवंबर 1999 को हुआ था। उनके पिता का नाम कैलाश चंद है, और उनकी दादी पंचायत समिति सदस्य रह चुकी हैं। उन्होंने बीएससी, बीएड और एमए की शिक्षा प्राप्त की है। सामाजिक कार्यों में उनकी सक्रिय भूमिका रही है, विशेष रूप से दलित और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को शिक्षा से जोड़ने तथा सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता अभियानों में। कोमल लाडना ग्राम ईटावा बामणिया (डोबरिया), पोस्ट गच्छीपुरा, तहसील मकराना, जिला डीडवाना-कुचामन की स्थायी निवासी हैं। वे कांग्रेस की नीतियों के प्रचार-प्रसार, चुनावी गतिविधियों और संगठन सुदृढ़ीकरण में लगातार सक्रिय रही हैं। प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष सारिका सिंह चौधरी ने इन नियुक्तियों पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि महिला संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना उनकी प्राथमिकता है। मकराना विधायक और कांग्रेस जिलाध्यक्ष जाकिर हुसैन गैसावत ने कहा कि युवा और शिक्षित नेतृत्व संगठन के लिए एक सकारात्मक संकेत है। परबतसर विधायक रामनिवास गावड़िया, पूर्व विधायक महेंद्र चौधरी और चेतन डूडी सहित कई नेताओं ने भी उन्हें शुभकामनाएं दीं। अपनी नियुक्ति के बाद कोमल लाडना ने कहा कि वे पार्टी नेतृत्व के विश्वास पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगी। उनकी प्राथमिकता संगठन को मजबूत करना और महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना रहेगा। इस नई नियुक्ति के बाद जिले में महिला कांग्रेस की गतिविधियों में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *