ग्वालियर में कोहरे और ओलावृष्टि के बाद गुरुवार को धूप खिलने से लोगों को राहत मिली, लेकिन रात का तापमान गिरने से ठंड बढ़ गई है। गुरुवार को न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो बुधवार के 13.2 डिग्री से करीब 4 डिग्री कम है। वहीं अधिकतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह धूप निकलने के बावजूद ठंड का असर बना रहा। कई दिनों बाद निकली धूप का लोगों ने आनंद लिया और बड़ी संख्या में लोग मॉर्निंग वॉक के लिए घरों से बाहर निकले। नमी बढ़ने से बढ़ेगी रात की ठंड मौसम विभाग के अनुसार हाल की ओलावृष्टि से वातावरण में नमी बढ़ गई है। इसके कारण आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट की संभावना है, जिससे रातें ज्यादा ठंडी हो सकती हैं। वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में यह बदलाव देखा जा रहा है, वहीं सुबह चल रही शीत लहर ने ठंडक बढ़ा दी है। धुंध से यातायात प्रभावित शहर में हल्की धुंध अब भी बनी हुई है, जिससे यातायात पर असर पड़ रहा है। दिल्ली की ओर से आने वाली अधिकांश ट्रेनें 2 से 3 घंटे की देरी से पहुंच रही हैं। सड़क यातायात भी प्रभावित होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।


