सिवनी में सड़क हादसे में घायल बुजुर्ग की मौत:इलाज के दौरान बालाघाट जिला अस्पताल में तोड़ा दम; ससुराल जाते समय हादसा

सिवनी जिले के सजनवाड़ा निवासी शिवप्रसाद बाहेश्वर (58) की बालाघाट जिला अस्पताल में मौत हो गई। वह कटंगी थाना क्षेत्र के कोड़मी में सड़क हादसे में घायल हो गए थे, जिसके बाद उन्हें अस्पताल लाया गया था। बुधवार देर रात करीब 12 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया। गुरुवार को डॉक्टरों की सूचना पर अस्पताल चौकी पुलिस ने शव बरामद किया। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया और परिजनों को सौंपा। परिजन निःशुल्क एम्बुलेंस वाहन से शव को सजनवाड़ा ले गए। ससुराल जाते समय सड़क हादसे में घायल थे मृतक के भतीजे अरविंद बाहेश्वर ने बताया कि शिवप्रसाद बुधवार को बालाघाट जिले के बनेरा स्थित अपनी ससुराल जाने के लिए निकले थे। वह गांव से गंगेरूआ पहुंचे और वहां से लिफ्ट लेकर ससुराल जा रहे थे, तभी वे हादसे का शिकार हो गए। अरविंद को कटंगी पुलिस से पिता के घायल होने की सूचना मिली थी। कटंगी अस्पताल से उन्हें बेहतर इलाज के लिए बालाघाट जिला अस्पताल लाया गया था, जहां रात में उन्होंने दम तोड़ दिया। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वृद्ध शिवप्रसाद को किस वाहन ने टक्कर मारी थी। टक्कर से उनके दोनों पैर टूट गए थे। अस्पताल चौकी पुलिस ने बताया कि मामले में अग्रिम जांच संबंधित थाना पुलिस द्वारा की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *