सिंगरौली नगर निगम आयुक्त सविता प्रधान ने शहर की बिगड़ती स्वच्छता व्यवस्था पर कड़ा रुख अपनाया है। स्वच्छता कार्यों में लगातार लापरवाही सामने आने के बाद उन्होंने तत्काल प्रभाव से स्वच्छता निरीक्षक विशाल सोनी को निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही प्रभारी स्वच्छता निरीक्षक कैलाश शाह को कार्यप्रणाली में सुधार न होने पर अनिवार्य सेवा निवृत्ति की चेतावनी दी गई है। यह कार्रवाई नगर निगम आयुक्त की ओर से आयोजित स्वच्छता विभाग की विस्तृत समीक्षा बैठक के बाद की गई। बैठक के दौरान शहर में कचरा उठान, सफाई व्यवस्था, संसाधनों के उपयोग और स्वच्छता सर्वेक्षण की तैयारियों की गहन समीक्षा की गई। इस समीक्षा में शहर की स्वच्छता व्यवस्था में कई गंभीर खामियां पाई गईं, जिस पर आयुक्त ने नाराजगी व्यक्त की। आयुक्त बोले-कचरा उठान में सुधार न हुआ, भुगतान रुकेगा आयुक्त ने शहर में कचरे के समुचित उठान में लगातार आ रही समस्याओं को गंभीरता से लिया। उन्होंने सीटाडेल कंपनी के मैनेजर को स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि सात दिनों के भीतर कार्यप्रणाली में सुधार नहीं हुआ तो कंपनी का भुगतान रोक दिया जाएगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि स्वच्छता जैसे संवेदनशील विषय में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। समीक्षा बैठक में मौजूद वरिष्ठ अधिकारियों को भी निर्देश दिए गए कि स्वच्छता सर्वेक्षण को ध्यान में रखते हुए फील्ड स्तर पर वास्तविक सुधार सुनिश्चित किया जाए। आयुक्त सविता प्रधान ने स्पष्ट किया कि आने वाले दिनों में स्वच्छता व्यवस्था की लगातार निगरानी की जाएगी और लापरवाह अधिकारियों व एजेंसियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


