उज्जैन के नानाखेड़ा क्षेत्र में शहर का पहला फूड जोन ‘नैवेद्य लोक’ अपने अंतिम चरण में पहुंच गया है। रात के समय रोशनी से जगमगाता यह परिसर अब उज्जैन के प्रमुख आकर्षण के रूप में उभरने लगा है। इंदौर की प्रसिद्ध छप्पन दुकान की तर्ज पर विकसित किए जा रहे इस फूड जोन में एक ही स्थान पर शाकाहारी और स्थानीय स्ट्रीट फूड का अनुभव मिलेगा। इसका उद्देश्य उज्जैन को धार्मिक नगरी के साथ-साथ स्वाद के केंद्र के रूप में स्थापित करना है। 34 दुकानों में मिलेगा विविध स्वाद परिसर में कुल 34 दुकानें बनाई गई हैं, जहां स्थानीय व्यंजन, चाट, स्नैक्स, फास्ट फूड और कैजुअल डाइनिंग की सुविधा होगी। शुरुआत में 36 दुकानों का प्रस्ताव था, जिसे अंतिम रूप देते हुए 34 दुकानें तय की गई हैं। नो-व्हीकल जोन में मिलेगा ओपन फूड स्ट्रीट का अनुभव पूरे क्षेत्र को नो-व्हीकल जोन के रूप में विकसित किया गया है। यहां वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा, जिससे लोग आराम से घूमते हुए भोजन का आनंद ले सकें। बैठने की अच्छी व्यवस्था, महिलाओं और बच्चों के लिए सुरक्षित माहौल और खुले वॉकवे इस परिसर की खासियत होंगे। रोशनी से जगमगाएगा पूरा परिसर ‘नैवेद्य लोक’ को आधुनिक लाइटिंग और ओपन डिजाइन के साथ तैयार किया गया है। शाम होते ही पूरा परिसर रोशनी से जगमगा उठेगा, जिससे यह शहर का नया आकर्षण बनेगा। सिविल निर्माण लगभग पूरा हो चुका है और प्रवेश द्वार, पार्किंग सहित अन्य सुविधाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। उम्मीद है कि मार्च–अप्रैल तक यह फूड जोन आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा।


