उदयपुर के सवीना थाना क्षेत्र में अज्ञात बदमाशों ने लूट की नियत से एक युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। जिसके बाद उसकी मौत हो गई। घटना गुरुवार सुबह 4 बजे सेक्टर-8 से गुजर रही रेलवे लाइन के पास की है। जब मृतक प्रेम गमेती(32) कृषि मंडी में काम करने जा रहा था। तभी दो से तीन अज्ञात बदमाशों ने लूट की नियत से उस पर हमला किया। चाकू से कई वार किए। इसके बाद उसे लहूलुहान हालत में छोड़कर भाग गए। सुबह किसी राहगीर ने इसकी सूचना पुलिस को दी। जिसके बाद घायल को हॉस्पिटल पहुंचाया गया लेकिन ज्यादा खून बहने से इलाज के दौरान दोपहर करीब 12 बजे युवक की मौत हो गई। इधर, इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए परिजनों और समाजजनों ने हॉस्पिटल में जोरदार हंगामा किया। वे मृतक को मुआवजा और लापरवाह डॉक्टरों पर कार्रवाई की मांग पर अड़ गए। सवीना और हाथीपोल थाना पुलिस ने माहौल शांत कराया। डॉक्टर ने घायल को थाने रिपोर्ट लिखवाने क्यों भेजा: हीरालाल
मृतक के साले हीरालाल ने बताया कि जीजाजी को पहले घायल अवस्था में सेटेलाइट हॉस्पिटल लेकर गए थे। जहां से उन्हें सरकारी एमबी हॉस्पिटल रेफर कर दिया। यहां उनके टांगे लगाते हुए पट्टी कर दी। फिर डॉक्टरों ने थाने में ले जाकर रिपोर्ट लिखवाने को कहा। घालय को एंबुलेंस में लेकर थाने में रिपोर्ट लिखवाने पहुंचे तो वहां एक घंटे तक रिपोर्ट नहीं लिखी गई। इधर, घायल एंबुलेंस में दर्द से कराह रहे थे और बार-बार बोल रहे थे कि जल्द मुझे हॉस्पिटल ले चलो। मैं मर जाउंगा। इसके बाद तुरंत उन्हें हॉस्पिटल लाए, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया।


