भोपाल में छात्राओं पर कटर से हमला, साइको-मैन गिरफ्तार:पत्नी से विवाद के बाद बनाया निशाना, पुलिस ने रखा था 20 हजार का इनाम

भोपाल में कटर से युवतियों पर हमला करने वाले बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी देवेंद्र अहिरवार सागर जिले का रहने वाला है। पत्नी से हुए झगड़े के बाद युवतियों पर हमला कर गुस्सा निकाल रहा था। आरोपी ने पिछले दिनों पिपलानी और अयोध्या नगर में तीन युवतियों पर कटर से हमला किया था। इसके बाद से शहर की युवतियां दहशत में थीं। बुधवार देर रात छोला क्षेत्र में घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। 20 हजार रुपए का इनाम था, 5 टीमें तलाश में जुटी थीं आरोपी की तलाश में क्राइम ब्रांच अयोध्या नगर और पिपलानी पुलिस की अलग-अलग 5 टीमें जुटी थीं। आरोपी की गिरफ्तारी पर 20 हजार रुपए का इनाम भी रखा था। इसके साथ ही उसे पकड़ने के लिए 100 से ज्यादा पुलिसकर्मी जानकारी जुटा रहे थे। पुलिस ने शहर में बदमाशों और अन्य आपराधिक प्रवृत्ति वालों का डेटा निकालकर भी मैच करने की कोशिश की थी। 100 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज चेक किए कुछ थानों में पुलिस ने पहले ब्लेड से हमला करने वालों और छेड़छाड़ की वारदातों के संदिग्धों से भी पूछताछ की थी। 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज चेक कर पुलिस आरोपी की पहचान कर उस तक पहुंची थी। आरोपी भोपाल में मजदूरी करता है और शराब पीने का आदी है। तीन छात्राओं को बनाया था निशाना सिरफिरे देवेंद्र अहिरवार ने 29 जनवरी की रात पत्नी से विवाद किया था। इसके बाद बाइक पर सवार होकर निकला। भानपुर ब्रिज के रास्ते आरोपी अयोध्या नगर और पिपलानी इलाके में पहुंचा। यहां उसने तीन छात्राओं पर कटर से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। दो छात्राओं को गंभीर चोटें आई थीं, जबकि एक को मामूली चोट लगी। 30 जनवरी को पीड़िताओं की शिकायत पर अयोध्या और पिपलानी पुलिस ने दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज की थीं। आरोपी अलग-अलग स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों में कैद हुआ था। पुलिस के मुताबिक 21 वर्षीय पीड़िता पिपलानी इलाके में रहती है और एक निजी कॉलेज की छात्रा है। घटना की रात करीब 10 बजकर 14 मिनट पर वह घर के बाहर टहलने निकलती थी। इसी दौरान अज्ञात बाइक सवार युवक से उसकी बहस हो गई। इसके बाद आरोपी ने कटरनुमा धारदार हथियार से उसके पैर पर हमला किया और मौके से फरार हो गया। चेहरे पर रूमाल बांधे था आरोपी आरोपी ने अपना चेहरा रुमाल से ढक रखा था। पिपलानी इलाके में ही आरोपी ने एक अन्य युवती पर भी हमला किया, हालांकि उसे बेहद मामूली चोट आई थी। 20 वर्षीय पीड़िता अयोध्या बाइपास स्थित एक कॉलोनी में रहती है और वह भी एक निजी कॉलेज की छात्रा है। रात करीब 11:30 बजे वह घर के बाहर सड़क पर टहल रही थी। तभी अज्ञात बाइक सवार युवक ने उसके सामने बाइक रोकी, जिससे दोनों के बीच कहासुनी हो गई। इसके बाद आरोपी ने कटरनुमा धारदार हथियार से युवती पर हमला कर दिया। बचाव के दौरान वह झुक गई, लेकिन उसकी नाक पर चोट लग गई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *