घटिया सीसी रोड की शिकायत करने वाले को ठेकेदार ने धमकी दी

भास्कर न्यूज | मनेंद्रगढ़ मनेंद्रगढ़ नगर पालिका क्षेत्रांतर्गत सुभाष वार्ड क्रमांक 8 में गुणवत्ताविहीन सीसी रोड निर्माण की शिकायत करना एक युवक को भारी पड़ गया। शिकायत वापस लेने का दबाव बनाने ठेकेदार और उसके साथ आए 4-5 लोगों ने युवक को न सिर्फ धमकाया, बल्कि गाली-गलौज भी की। पूरा घटनाक्रम सीसी कैमरे में कैद है। मामले से पीड़ित ने सिटी कोतवाली मनेंद्रगढ़ में लिखित शिकायत दर्ज करा आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। सुभाष वार्ड क्रमांक 8 निवासी प्रार्थी कमलेश दत्ता (विक्की) ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि उसने अपने वार्ड में स्कूल के सामने बन रही सीसी रोड की गुणवत्ता को लेकर नगर पालिका सीएमओ और एसडीएम के समक्ष शिकायत की थी। इसी शिकायत से बौखलाए खोंगापानी निवासी ठेकेदार दिव्यांशु सिंह (शिवम), उसके भाई प्रियांशु सिंह (सत्यम) और अन्य 4-5 लोग उसके पास पहुंचे और शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया। प्रार्थी के अनुसार आरोपियों ने धमकी देते हुए अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया। इतना ही नहीं, ठेकेदार दिव्यांशु सिंह ने अपने सांसद प्रतिनिधि होने का धौंस जमाते हुए कहा- मेरी सड़क है, मैं जैसे चाहूं बनाऊं, तुझे क्या। कमलेश दत्ता ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसकी आवाज दबाने का प्रयास किया, जिससे वह शारीरिक व मानसिक रूप से आहत है और उसे जान का खतरा महसूस हो रहा है। पीड़ित ने पुलिस से मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की गुहार लगाई है। पहले भी उठ चुके हैं गुणवत्ता पर सवाल गौरतलब है कि 27 जनवरी 2026 को वार्डवासियों ने नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी को शिकायत पत्र सौंपकर सीसी रोड की खराब गुणवत्ता की शिकायत की थी। वार्ड क्रमांक 8 के सरोवर मार्ग स्थित शासकीय प्राथमिक पाठशाला के सामने हो रहे निर्माण को लेकर शांति देवी, शारदा जैन, सविता, राजेश, राज कश्यप, विद्या यादव, मंजू पासी, सीमा, सीता बर्मन, लक्ष्मी, मुस्कान सहित कई वार्डवासियों ने संयुक्त रूप से आपत्ति दर्ज कराई थी। वार्डवासियों ने आरोप लगाया कि ठेकेदार द्वारा खानापूर्ति करते हुए घटिया स्तर की सीसी रोड बनाई जा रही है। उन्होंने जनहित में निर्माण की गुणवत्ता जांच कराने, जांच पूरी होने तक भुगतान रोकने और गुणवत्तापूर्ण कार्य के बाद ही भुगतान करने की मांग की थी। मामले में सिटी कोतवाली मनेंद्रगढ़ प्रभारी दीपेश सैनी का कहना है कि शिकायत मिली है, जिसकी जांच के बाद आगे कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *