भास्कर न्यूज | गिरिडीह झारखंड अधिविद्य परिषद की ओर से आयोजित मैट्रिक व इंटरमीडिएट परीक्षा के दूसरे दिन जिले में सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण और कदाचार मुक्त माहौल में संपन्न हुई। प्रशासन की सख्ती और केंद्राधीक्षकों की सतर्कता के कारण कहीं से भी किसी प्रकार की गड़बड़ी की सूचना नहीं मिली। दूसरे दिन मैट्रिक परीक्षा के अंतर्गत हिंदी ‘ए’ एवं हिंदी ‘बी’ विषय की परीक्षा आयोजित की गई। यह परीक्षा प्रथम पाली में जिले के कुल 95 परीक्षा केंद्रों पर संपन्न हुई। निर्धारित आंकड़ों के अनुसार कुल 40,745 परीक्षार्थियों को परीक्षा में शामिल होना था, जिनमें से 40,590 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी, जबकि 155 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर समय से परीक्षा प्रारंभ हुई और परीक्षा के दौरान अनुशासन का पालन किया गया।इंटरमीडिएट परीक्षा के अंतर्गत विज्ञान एवं वाणिज्य संकाय के लिए इकोनॉमिक्स तथा कला संकाय के लिए एंथ्रोपोलॉजी विषय की परीक्षा द्वितीय पाली में आयोजित की गई। इंटर की परीक्षा जिले के 54 परीक्षा केंद्रों पर संपन्न हुई। कुल 2,309 परीक्षार्थियों में से 2,279 ने परीक्षा में भाग लिया, जबकि 30 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।दूसरे दिन भी जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग और पुलिस प्रशासन द्वारा परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखी गई। सभी केंद्रों पर दंडाधिकारियों और पुलिस बल की तैनाती रही, जिससे किसी भी तरह की अव्यवस्था या कदाचार की संभावना नहीं बन सकी। उड़नदस्ता दल भी लगातार विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण करता रहा।परीक्षार्थियों ने भी शांतिपूर्ण वातावरण में परीक्षा संपन्न होने पर संतोष व्यक्त किया। अभिभावकों ने प्रशासन की व्यवस्था की सराहना की। कुल मिलाकर, मैट्रिक और इंटर परीक्षा का दूसरा दिन जिले में पूरी तरह शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और कदाचार मुक्त रहा।


