लातेहार सदर थाना क्षेत्र के रेहड़ा मोड़ के पास गुरुवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान सासंग, लातेहार निवासी 31 वर्षीय अफसर अंसारी के रूप में हुई है। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों ने बताया कि अफसर अंसारी चेन्नई में मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। वह बुधवार को ही चेन्नई से अपने पैतृक गांव सासंग लौटा था। लंबे समय बाद घर लौटने की खुशी ज्यादा देर टिक नहीं सकी। ट्रेन यात्रा के दौरान उसका पर्स और मोबाइल चोरी हो गया, जिससे वह काफी परेशान चल रहा था। जरूरी कागजात और पहचान से जुड़े दस्तावेज दोबारा बनवाने के लिए वह गुरुवार को अपनी बाइक से घर से लातेहार जा रहा था। पिकअप वाहन से आमने-सामने की टक्कर इसी दौरान लातेहार से बालूमाथ की ओर जा रही पिकअप वाहन (जेएच 01जीजे 6791) से उसकी बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि अफसर अंसारी ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद कुछ देर के लिए सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। मृतक के पिता अंजार अंसारी ने बताया कि अफसर अपने पीछे तीन छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गया है। वह परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। बेटे की असमय मौत से पूरा परिवार सदमे में है। बच्चों के भविष्य और भरण-पोषण को लेकर परिजन गहरी चिंता में डूबे हैं। पुलिस ने वाहन जब्त किए, चालक फरार हादसे की सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी प्रमोद सिंह के निर्देश पर पुलिस दल घटनास्थल पर पहुंचा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वाहन और बाइक को जब्त कर लिया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया। थाना प्रभारी प्रमोद सिंह ने बताया कि घटना के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश के लिए पुलिस टीम छापेमारी कर रही है।


