छतरपुर शहर में अवैध वसूली का विरोध करने पर एक युवक पर सरेआम जानलेवा हमला कर दिया गया। देरी रोड पर 28 वर्षीय युवक को कट्टा दिखाकर धमकाया गया और हॉकी से बेरहमी से पीटा गया। हमले में युवक की आंख में गंभीर चोट आई है। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना बीती रात सिविल लाइन थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। घायल युवक की पहचान तुलसी नगर कॉलोनी निवासी केपीएन अनुरागी (28) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, अनुरागी रात में अपने बच्चे के लिए दूध लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान देरी रोड पर दीपू ठाकुर और सुनील ठाकुर ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि दोनों आरोपी इलाके में दहशत फैलाकर लोगों से जबरन वसूली करते हैं। कट्टे के बट से चेहरे पर किया वार प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जब केपी अनुरागी ने वसूली देने से इनकार किया, तो आरोपियों ने कट्टा दिखाकर उन्हें धमकाया। इसके बाद कट्टे की बट से चेहरे पर वार किया गया, जिससे उनकी आंख में गंभीर चोट आई। इसके बाद हॉकी से ताबड़तोड़ हमला किया गया। बीच सड़क पर हुई इस मारपीट से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर घायल युवक को आरोपियों से छुड़ाया और परिजनों को सूचना दी। परिजन और स्थानीय लोगों की मदद से अनुरागी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। शिकायत पर आरोपियों पर मामला दर्ज घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। सिटी पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) अरुण सोनी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है। फिलहाल घायल का इलाज जारी है। घटना के बाद पीड़ित परिवार सहमे हुए हैं, वहीं इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि शहर में गुंडागर्दी और अवैध वसूली किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


