राजस्थान पुलिस की साइबर क्राइम थ्रेट एनालिटिक्स यूनिट ने एक नया और बेहद चिंताजनक ट्रेंड सामने लाया है, जिसमें डिजिटल ठग मैट्रिमोनियल और डेटिंग प्लेटफॉर्म्स का दुरुपयोग कर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। डीआईजी साइबर क्राइम विकास शर्मा ने बताया कि जांच के दौरान सामने आया है कि जालसाज अब Jeevansaathi.com, Shaadi.com जैसे मैट्रिमोनियल प्लेटफॉर्म्स के साथ-साथ Tinder, Bumble और Cupid जैसे डेटिंग एप्स का इस्तेमाल कर मासूम लोगों को अपने जाल में फंसा रहे हैं। शादी या रिश्तों की तलाश कर रहे लोगों को भावनात्मक रूप से जोड़कर उनसे निवेश के नाम पर लाखों रुपये ऐंठे जा रहे हैं। नकली प्रोफाइल से भावनात्मक जाल तक का सफर शर्मा ने बताया कि साइबर ठग बेहद योजनाबद्ध और शातिर तरीके से इस गिरोह को संचालित करते हैं। सबसे पहले वे आकर्षक और चोरी की गई तस्वीरों के जरिए असली लगने वाली नकली प्रोफाइल बनाते हैं। इनमें फर्जी नाम, पेशा, विदेश में नौकरी और अधिक आय जैसी जानकारियां भरी जाती हैं। संपर्क स्थापित होने के बाद ये ठग कई हफ्तों तक वीडियो कॉल, व्हाट्सएप और चैटिंग के माध्यम से पीड़ित का भरोसा जीतते हैं। कई बार नकली बैकग्राउंड का उपयोग कर खुद को बड़े ऑफिस या विदेश में कार्यरत दिखाया जाता है। जब पीड़ित पूरी तरह इनके भावनात्मक जाल में फंस जाता है, तब उसे क्रिप्टोकरेंसी, शेयर मार्केट या हाई-रिटर्न इन्वेस्टमेंट स्कीम में पैसा लगाने के लिए प्रेरित किया जाता है। इस दौरान भावनात्मक दबाव और ब्लैकमेलिंग का भी सहारा लिया जाता है। पुलिस की एडवाइजरी: इन बातों का रखें विशेष ध्यान नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए राजस्थान पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर सतर्क रहने की अपील की है। ठगी होने पर तुरंत करें शिकायत यदि कोई व्यक्ति इस तरह की साइबर ठगी का शिकार हो जाता है, तो घबराने के बजाय तुरंत पुलिस को सूचना दे। इसके लिए साइबर हेल्पलाइन नंबर: 1930, ऑनलाइन शिकायत पोर्टल: https://cybercrime.gov.in और राजस्थान पुलिस हेल्पलाइन: 9256001930, 9257510100 पर शिकायत कर सकते है।


