भ्रामक वीडियो शेयर करने पर परिवहन विभाग ने की कार्रवाई:ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज, विभाग की छवि धूमिल करने का आरोप

धौलपुर में सोशल मीडिया पर भ्रामक वीडियो शेयर करने के मामले में परिवहन विभाग ने कार्रवाई की है। संबंधित वाहन ड्राइवर और अन्य संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। यह कार्रवाई विभाग की छवि धूमिल करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने के प्रयास के तहत की गई है। हाल ही में शेयर हुए एक वीडियो में परिवहन विभाग के उड़नदस्ते ने नियमित जांच के दौरान हरियाणा नंबर के एक वाहन को रोकने का संकेत दिया था। हालांकि, ड्राइवर ने वाहन रोकने से इनकार कर दिया। ड्राइवर ने उड़नदस्ते के कार्मिकों को कुचलने का प्रयास किया, जिसमें कार्मिकों ने बड़ी मुश्किल से अपनी जान बचाई। इसके बाद, ड्राइवर बैरिकेड्स से टकराते हुए उन्हें घसीटता हुआ खतरनाक तरीके से फरार हो गया। पुलिस की सहायता से नाकाबंदी कर वाहन को पकड़ा गया। मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत चालान बनाकर वाहन को जब्त कर लिया गया। जांच में सामने आया कि ड्राइवर अत्यधिक तेज गति से खतरनाक तरीके से वाहन चला रहा था। वाहन पर अस्पष्ट नंबर प्लेट लगी हुई थी, जिससे सड़क पर चल रहे आमजन की सुरक्षा को गंभीर खतरा था। जांच के दौरान ड्राइवर द्वारा नशे के सेवन की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता। यह सड़क सुरक्षा की दृष्टि से एक गंभीर विषय है। परिवहन विभाग के अनुसार विभागीय कार्रवाई से बचने और विभाग की छवि धूमिल करने के उद्देश्य से कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा वीडियो को तोड़-मरोड़ कर सोशल मीडिया पर शेयर किया गया। इस संबंध में सरकारी कार्य में बाधा डालने और भ्रामक वीडियो शेयर करने के आरोप में एफआईआर दर्ज कराई गई है। पुलिस इस मामले में अनुसंधान कर रही है। जिला परिवहन अधिकारी गौरव यादव ने बताया कि भविष्य में यदि कोई व्यक्ति या समूह वाहन ड्राइवरों का उपयोग कर विभाग की छवि खराब करने का प्रयास करता है, तो सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *