चंडीगढ़ के सेक्टर-15 में एक मकान के सर्वेंट क्वार्टर से 18 साल की युवती शिवानी का शव फंदे से लटका मिला। शिवानी मूल रूप से जीरकपुर के पीरमुछल्ला की रहने वाली थी। घटना के बाद उसके परिजनों ने इसे संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। जानकारी के मुताबिक, शिवानी पिछले करीब एक महीने से इस मकान में घर में काम करने वाली युवती के रूप में रहकर काम कर रही थी। वीरवार देर रात करीब एक बजे, मकान मालिक के परिवार ने उसे सर्वेंट क्वार्टर में फंदे से लटका देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मोबाइल पुलिस ने लिया कब्जे में सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-11 पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। कमरे से शिवानी का मोबाइल फोन और एक डायरी बरामद की गई है, लेकिन कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमएसएच-16 अस्पताल की मोर्चरी में भेजा गया है। पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार को शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आएगी। मामा को आरोप सुसाइड नहीं हत्या हुई मृतका के मामा लल्लन सिंह ने कहा कि शिवानी ने कभी किसी समस्या की बात नहीं की थी और न ही वह किसी तनाव में थी। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर उसे कोई परेशानी होती तो वह परिवार से जरूर बात करती। उनका कहना है कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि हत्या है।
लल्लन सिंह ने पुलिस से मांग की है कि उनकी भांजी के हत्यारों का जल्द पता लगाकर उन्हें जेल की सलाखों के पीछे भेजा जाए।


