कुशीनगर में हाई वोल्टेज तार की चपेट में आया युवक:ट्रांसफार्मर पर चढ़कर लाइट जोड़ते समय गंभीर रूप से झुलसा, जिला अस्पताल रेफर

कुशीनगर जनपद के विशुनपुरा थाना क्षेत्र में एक युवक 11 हजार हाई वोल्टेज तार की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। यह घटना बांसगांव टोला नैनहा घुसा टोला में ट्रांसफार्मर पर चढ़कर लाइट जोड़ते समय हुई। समय रहते विद्युत आपूर्ति कट जाने से युवक की जान बच गई, लेकिन वह बुरी तरह घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से झुलसे युवक को तत्काल दुदही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घायल युवक की पहचान कोकिल पट्टी निवासी आसिफ अंसारी (लगभग 30 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंचे। इस मामले में दुदही विद्युत उपकेंद्र के जेई सर्वेश दुबे ने बताया कि करंट की चपेट में आया युवक बिजली विभाग का कर्मचारी नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना बिजली विभाग की अनुमति के यदि कोई व्यक्ति विद्युत संबंधी कार्य करता पाया गया, तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि विद्युत कार्य केवल विभाग के अधिकृत लाइनमैन से ही कराएं, ताकि ऐसी दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *