दतिया में पूर्व बसपा नेता से मारपीट और एसपी को सोशल मीडिया पर धमकी देने वाले हिस्ट्रीशीटर राजा जाटव उर्फ राजा बड़ौनी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गुरुवार को पुलिस ने बड़ौनी बाजार में उसका जुलूस निकाला। इस दौरान आरोपी कान पकड़कर कहता नजर आया- “अपराध करना पाप है, पुलिस हमारी बाप है।” पुलिस ने उस पर रासुका (NSA) की कार्रवाई कर जेल भेज दिया है। घटना 20 जनवरी की है, जब दतिया में विधानसभा चुनाव लड़ चुके पूर्व बसपा नेता लोकेंद्र अहिरवार (निवासी कमथरा) को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा गया था। आरोपियों ने कपड़े उतारकर मारपीट का वीडियो भी बनाया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। पीड़ित की शिकायत पर राजा बड़ौनी और साथियों पर केस दर्ज हुआ था। सोशल मीडिया पर दी थी एसपी को धमकी एफआईआर दर्ज होने के बाद फरार राजा बड़ौनी सोशल मीडिया पर लगातार सक्रिय था और आपत्तिजनक पोस्ट कर रहा था। उसने एक वीडियो जारी कर दतिया एसपी सूरज वर्मा को खुलेआम धमकी दी। उसने कहा कि वह 20 हजार लोगों के साथ चलता है और एसपी को बर्खास्त करवा देगा। उसकी इन हरकतों से इलाके में दहशत फैलाने की कोशिश की जा रही थी। सीनावल रोड से किया गिरफ्तार मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने एसडीओपी विनायक शुक्ला और टीआई दिनेश राजपूत के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की। सीनावल थाना प्रभारी संतोष भार्गव की भी इसमें अहम भूमिका रही। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने गुरुवार को आरोपी को सीनावल रोड से गिरफ्तार कर लिया। रासुका लगाकर जेल भेजा गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी का बड़ौनी बाजार में जुलूस निकाला, ताकि लोगों का कानून पर भरोसा बढ़े। पुलिस के आवेदन पर न्यायालय ने हत्या के प्रयास के मामले में आरोपी की जमानत पहले ही खारिज कर दी थी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रासुका की कार्रवाई करते हुए उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार राजा बड़ौनी एक हिस्ट्रीशीटर है, जिसके खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट सहित कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। हाल ही में वह एक अन्य मामले में जेल से बाहर आया था और बाहर आते ही उसने इस वारदात को अंजाम दिया।
एएसपी सुनील कुमार शिवहरे ने बताया कि,आरोपी के पूरे आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है और भविष्य में ऐसी सख्त कार्रवाई की जाएगी, जो नजीर बने, ताकि कोई भी अपराधी पुलिस को चुनौती देने की हिम्मत न कर सके।


