बैतूल जिले के भीमपुर ब्लॉक में आदिवासी किसानों के साथ ठगी का मामला सामने आया है। यहां एक ठेकेदार ने 30 किसानों से 18-18 हजार रुपए लेकर ट्रांसफॉर्मर तो लगा दिए, लेकिन उन्हें बिजली विभाग को हैंडओवर नहीं किया। विभाग को पता चला तो कनेक्शन काट दिए गए और किसानों पर बिजली चोरी का केस दर्ज कर दिया गया। सोमवार को परेशान किसान कलेक्टर और एसपी ऑफिस पहुंचे। खैरा और नाहरपुर बालू गांव के किसानों ने बताया कि हरदा जिले के एक ठेकेदार को बिजली ट्रांसफार्मर लगाने का ठेका दिया गया था। उसने सिंचाई कनेक्शन के नाम पर लगभग 30 किसानों से 18-18 हजार रुपए लिए। पैसे लेने के बाद ठेकेदार ने ट्रांसफार्मर लगवाकर कनेक्शन भी चालू कर दिए। बिना अनुमति चालू की लाइन, अब चोरी का केस दर्ज बाद में बिजली विभाग को पता चला कि ठेकेदार ने बिना अनुमति के लाइनें चालू कर दी थीं और ट्रांसफार्मर शुरू करके सप्लाई भी दे दी थी। यह मामला सामने आते ही विभाग ने सभी ट्रांसफार्मरों की सप्लाई काट दी। इतना ही नहीं, विभाग ने इन किसानों पर बिजली चोरी के प्रकरण भी दर्ज कर लिए हैं। विभाग ने भी थाने में दिया आवेदन किसानों का आरोप है कि ठेकेदार ने उनके साथ धोखाधड़ी की है। वहीं, विद्युत विभाग ने भी संबंधित ठेकेदार के खिलाफ मोहदा थाने में एफआईआर दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया है।


