जालंधर में शराबी पिता ने 5 साल की मासूम बेटी निहारिका को मार डाला। बाप सिर्फ इतनी सी बात से गुस्से में आ गया कि वह खाना मांग रही थी और उसका शराब पीने का मजा खराब हो रहा था। गुस्से में पिता ने पहले उसे जमीन पर पटका और फिर चुन्नी से गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद मां जब काम से घर लौटी तो आरोपी बोला- ये अब नहीं उठेगी, मेरे से गलती हो गई। इतना सुनते मां बेसुध हो गई। दोनों का डेढ़ साल का बेटा भी है। पुलिस ने शिकायत मिलते ही आरोपी बाप को गिरफ्तार कर लिया है। यह परिवार छत्तीसगढ़ का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी को रिमांड पर लिया है। जिसके बाद उससे पूरी घटना को लेकर पूछताछ की जा रही है। वहीं दैनिक भास्कर एप से बातचीत में मां ने कहा कि मैं पति को कोई सजा नहीं देना चाहती। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने क्या बताया.. मां बोली- मैं घर आई तो बच्ची बेसुध थी
मृतका की मां नेहा ने बताया कि वह घर के पास ही काम करती है, जब मंगलवार को दोपहर को घर आई तो पति नशे में था और बोल रहा था कि मेरे से गलती हो गई। जबकि दोनों बच्चे सुबह अपने पिता के साथ ही सो रहे थे और उसने खाना भी खिलाया था। पता नहीं क्या हुआ कि बेटी को मार दिया। मां नेहा ने कहा कि बच्ची के माथे पर टीका लगा हुआ था। दादा बोला- इसका अहसास नहीं था
इस बारे में आरोपी के पिता प्रेम पाल ने कहा कि बेटा शराब जरुर पीता था, लेकिन नशे में अपनी ही बेटी की हत्या कर देगा, इसका तो हमें एहसास तक नहीं था। किसी को भी यकीन नहीं हो रहा कि एक बाप ने अपनी ही बेटी की हत्या कर दी। मंगलवार को मौत होने के बाद बुधवार काे मासूम को दफना दिया गया है। पड़ोसी बोले- मां मदद मांग रही थी
पड़ोसी हेमंत ने बताया कि जब दोपहर 2 बजे घर खाना खाने आए तो बच्ची की मां नेहा बाहर गली में खड़ी होकर रोते हुए मदद मांग रही थी। मैंने पूछा तो बोली- बेटी का शरीर ठंडा हो रहा है। अंदर जाकर देखा तो निहारिका का पिता अरविंदर अंदर बैठा था। पड़ोसियों ने बताया कि अक्सर आरोपी अपनी पत्नी नेहा और बेटी निहारिका को पीटता रहता था। पुलिस जांच में पता चला- आरोपी नशे का आदी
पुलिस जांच में सामने आया कि परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद खराब थी और अरविंदर की नशे की लत ने इस हंसते-खेलते परिवार को तबाह कर दिया। वह दिहाड़ी करता था लेकिन नशे के चक्कर में काम पर भी नहीं जाता था। अपनी पत्नी के पैसों से ही नशा करता था। जांच अफसर बोले- वजह नहीं बता रहा, रिमांड पर लिया
इस मामले में जांच अफसर एएसआई बलविंदर सिंह ने कहा कि बेटी की हत्या क्यों की है? इस बारे में आरोपी ने कुछ नहीं बताया। बस इतना बोल रहा है कि उससे गलती हो गई।आरोपी को कोर्ट में पेश कर दो दिन का पुलिस रिमांड लिया गया है। इस बारे में उससे गहराई से पूछताछ की जा रही है। SP हरमिंदर गिल ने कहा कि आरोपी अरविंद कुमार घटना के दौरान शराब में धुत था।


