भास्कर न्यूज | अंबिकापुर नशे की लत में फंस रहे स्कूली बच्चे अब ई-सिगरेट का उपयोग कर रहे हैं। इसका खुलासा तब हुआ, जब गांधीनगर क्षेत्र में स्थित एक निजी स्कूल में नशा मुक्ति कार्यक्रम करने गई पुलिस को वहां के बच्चों ने इसके बारे में बताया। उन्होंने पुलिस को ये भी बताया कि ई-सिगरेट शहर में कहां बेची जा रही है। बच्चों से मिली इस जानकारी से पुलिस के कान खड़े हो गए। साथ में आबकारी विभाग की भी टीम थी। इसके बाद सीएसपी के नेतृत्व में मणिपुर पुलिस ने शहर के अस्पताल रोड स्थित एक मोबाइल दुकान में दबिश दी। यहां से बड़ी मात्रा में ई-सिगरेट मिली, जिसे जब्त किया। दुकानदार अमित कुमार ऑनलाइन ई-सिगरेट मंगवाकर ग्राहकों को बेचता था। दुकानदार को हिरासत में लेकर जांच की जा रही है। जब्त सामानों में ई-सिगरेट में इस्तेमाल होने वाली बैटरी, हीटिंग क्वाइल, वेप जूस, छोटे साइज के चाकू आदि बरामद हुए हैं। पहली बार जिले की पुलिस ने ई-सिगरेट जब्त की शहर में नशे के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाती रही है। इसमें ब्राउनशुगर, गांजा, कफ सिरप, प्रतिबंधित इंजेक्शन सहित दर्द निवारक और नशे की दवाइयां, शराब सहित अन्य नशीले पदार्थ पुलिस व आबकारी विभाग जब्त करती रही है, लेकिन ई-सिगरेट पर पहली बार शहर में कार्रवाई हुई है। स्कूल और कॉलेज के आसपास पान ठेलों पर प्रतिबंध है। फिर भी बेखौफ कारोबार चल रहा है।


