बीकानेर| जिला प्रशासन तथा राजीविका के संयुक्त तत्वावधान में सात दिवसीय राजसखी बीकाणा मेला गुरुवार को जय नारायण व्यास कॉलोनी स्थित ग्रामीण हाट में शुरू हुआ। उद्घाटन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास तथा अन्य ने फीता काटकर मेले का शुभारंभ किया। राजसखी मेले में देश के विभिन्न क्षेत्रों से 100 से अधिक महिला स्वयं सहायता समूह भागीदारी निभा रहे हैं। मेले में कोटा डोरिया साड़ियां, अगरबत्ती, अचार, मिट्टी के बर्तन सहित सैकड़ों हस्तनिर्मित उत्पादों के लगे स्टॉल लगाए गए हैं। विशिष्ट अतिथि श्याम पंचारिया ने कहा कि ऐसे अवसर महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं। इस दौरान डीआईजी स्टांप मनीषा लेघा, जनसंपर्क विभाग के उपनिदेशक डॉ. हरिशंकर आचार्य, राजीविका के जिला प्रबंधक मणिशंकर हर्ष, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के आईईसी समन्वयक मालकोश आचार्य, कामिनी भोजक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन गोपाल जोशी ने किया। आर्थिक संबल से महिलाएं सशक्त होंगी, अवसर देने की जरूरत जिला परिषद की अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रियंका तिलानिया ने बताया कि राजीविका द्वारा महिलाओं को आगे बढ़ाने के सतत प्रयास किया जा रहे हैं। राजसखी मेले का यह अवसर महिला सशक्तिकरण के दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा। राजीविका के डीपीएम दिनेश कुमार मिश्रा ने बताया कि राज सखी मेला 11 फरवरी तक आयोजित होगा। इसमें महिलाओं द्वारा हस्तनिर्मित उत्पाद, विभिन्न मूल्य संवर्धित खाद्य सामग्री, कोटा डोरिया साड़ियां, अगरबत्ती, अचार, मिट्टी के बर्तन सहित अनेक उत्पाद विक्रय के लिए रखे गए हैं। उन्होंने फूड कोर्ट और पादुका कॉर्नर के बारे में बताया और कहा कि मेले के दौरान नियमित रूप से सांस्कृतिक गतिविधियां भी आयोजित होंगी।


