मेडिकल स्टोर सेटअप कराने का झांसा दे 26 लाख की ठगी, लखनऊ से आरोपी गिरफ्तार

मोहन नगर पुलिस ने लखनऊ से मेडिकल स्टोर, ओपीडी और अस्पताल का सेटअप कराने का झांसा देकर 26 लाख की ठगी करने वाले रवि पांडे को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक सरोजनी नगर, लखनऊ निवासी आरोपी रवि के खिलाफ जनवरी महीने में मोहन नगर निवासी प्रार्थी राहुल ​परिहार ने शिकायत की थी। जांच के बाद आरोपी जूनियर अकाउंटेंट रवि को पकड़ा गया है। आरोपी के गिरोह में कंपनी के डायरेक्टर उत्कर्ष कश्यप, प्रसून पाल, अलोक दुबे और मार्केटिंग मैनेजर प्रतिमा शामिल हैं। जांच में पता चला है​ कि गिरोह ने टस्कर ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड नाम की कंपनी खोलकर कई राज्यों में ठगी की है। उन्होंने दिल्ली और लखनऊ में कॉल सेंटर खोला था। वहीं से मेडिकल स्टोर, ओपीडी और अस्पताल का सेटअप कराने के लिए लोगों को फोन करते थे। इसके बाद लोगों को झांसा देकर पैसा जमा करवाते थे। गिरोह का एक दिन में 40 लाख तक की ठगी करने का टारगेट रहता था। प्रार्थी ने पुलिस को बताया था कि गिरोह ने फ्रेंचाइजी लेने पर मेडिकल स्टोर का इंटीरियर, ब्रांड प्रमोशन, एमबीबीएस डॉक्टर की ओपीडी सुविधा, पैथोलाजी लैब, दवाइयों का स्टॉक, कर्मचारियों की व्यवस्था और वेतन कंपनी द्वारा वहन किए जाने का झांसा दिया था। कहा था कि इससे 1 से 2 लाख रुपए का हर महीने मुनाफा होगा। इसी झांसे में आकर प्रार्थी ने 25.93 लाख रुपए कई माध्यमों से कंपनी को भुगतान कर दिया था। पैसा लेने का बाद ठगों ने न तो सुविधा उपलब्ध कराई और न ही दवाइयों का स्टॉक दिया। पुलिस के मुताबिक गिरोह में शामिल अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *