लुधियाना| देश की अग्रणी वित्तीय सेवा समूह फिनडॉक ने पंजाब के विभिन्न कॉलेजों में छात्रों को वित्तीय जागरूकता और निवेश संबंधी जानकारी देने के उद्देश्य से एक विशेष वित्तीय साक्षरता एवं युवा जागरूकता अभियान की शुरुआत की है। इस पहल का मकसद छात्रों को व्यक्तिगत वित्त, निवेश और पूंजी बाजार से जुड़े जरूरी ज्ञान से लैस करना है, ताकि वे अपने शैक्षणिक जीवन के शुरुआती चरण से ही सही वित्तीय निर्णय लेने में सक्षम हो सकें। फिनडॉक के मैनेजिंग डायरेक्टर हेमंत सूद ने कहा कि भारत का युवा वर्ग ऐसे मोड़ पर खड़ा है, जहां वित्तीय ज्ञान उनके भविष्य को निर्णायक रूप से प्रभावित कर सकता है। इस पहल के जरिए कंपनी वित्त को सरल, व्यावहारिक और छात्रों के लिए प्रासंगिक बनाना चाहती है ताकि वे सूचित निर्णय ले सकें और उद्यमिता सहित नए करियर अवसरों की तलाश कर सकें। उनका मानना है कि आज के दौर में वित्तीय जागरूकता एक विकल्प नहीं बल्कि एक जरूरी जीवन कौशल बन चुकी है। कंपनी ऑन-कैंपस सत्रों और इंटरएक्टिव कार्यशालाओं के जरिए वित्तीय अवधारणाओं को सरल तरीके से समझाने, बाजार से जुड़े भ्रम दूर करने और छात्रों में सही मनी मैनेजमेंट की आदत विकसित करने पर ध्यान दे रही है। इस पहल की शुरुआत लुधियाना से की गई, जो जमीनी स्तर पर वित्तीय सशक्तिकरण के प्रति कंपनी की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। पहले चरण में यूनिवर्सिटी बिजनेस स्कूल (यूबीएस), लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) और पंजाब कॉलेज ऑफ टेक्निकल एजुकेशन (पीसीटीई) में कार्यशालाएं आयोजित की गईं। उद्योग विशेषज्ञों द्वारा संचालित इन सत्रों में छात्रों को वित्तीय बाजार, निवेश की बुनियादी बातें, व्यक्तिगत वित्तीय योजना और वित्तीय क्षेत्र में उभरते करियर अवसरों की जानकारी दी गई।


