भास्कर न्यूज | पांडातराई समीपस्थ ग्राम डोंगरिया में माघ पूर्णिमा मेला खत्म होने के बाद जलेश्वर महादेव घाट परिसर में फैली गंदगी व अव्यवस्था को देखते हुए मोर भुईंयां फाउंडेशन ने गुरुवार को विशेष स्वच्छता अभियान चलाया। जलेश्वर महादेव घाट न केवल स्थानीय श्रद्धालुओं के लिए एक आस्था का प्रमुख केंद्र है, बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लिए भी यह एक सांस्कृतिक व आध्यात्मिक धरोहर के रूप में स्थापित है। ऐसे पावन स्थल पर गंदगी का फैलना अनुचित होने के साथ-साथ पर्यावरण के लिए भी हानिकारक है। इसी भावना को ध्यान में रखते हुए फाउंडेशन से जुड़े 70 युवा स्वयंसेवकों ने एकत्र होकर पूरे घाट परिसर की व्यापक सफाई की। स्वयंसेवकों ने मेला समाप्ति के बाद बिखरे प्लास्टिक, कचरा, अपशिष्ट सामग्री व अन्य पदार्थों की सफाई कर घाट परिसर को स्वच्छ व आकर्षक बनाया। स्वच्छता अभियान का नेतृत्व कर रहे सचिन गुप्ता ने बताया कि आज का अभियान बेहद सफल रहा। उन्होंने कहा कि युवाओं में जो उत्साह और जिम्मेदारी दिखी, वह प्रेरणादायक है। अभियान के दौरान सभी स्वयंसेवक ने पूरी निष्ठा के साथ काम किया और कम समय में पूरे क्षेत्र को साफ-सुथरा बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। इस मौके पर युवाओं ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम न केवल सफाई के लिए जरूरी हैं, बल्कि यह समाज में सामूहिक जिम्मेदारी और स्वच्छता के महत्व का संदेश भी पहुंचाते हैं। इस प्रकार के अभियान न केवल साफ-सफाई का संदेश देते हैं, बल्कि समाज को यह भी प्रेरित करते हैं कि धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन बाद हम सभी मिलकर अपने परिवेश को स्वच्छ रखने में योगदान दें। इस अवसर पर फाउंडेशन ने यह भी घोषणा की कि आने वाले समय में प्रत्येक रविवार को नियमित रूप से इसी प्रकार के स्वच्छता अभियान चलता रहेगा। संस्था का उद्देश्य केवल घाट व सार्वजनिक स्थल की सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता को बढ़ावा देना भी इसका प्रमुख लक्ष्य है।


