भास्कर न्यूज | थान खम्हरिया समीपस्थ ग्राम नवागांव खुर्द स्थित प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला में वार्षिक उत्सव का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। आयोजन की शुरुआत सरस्वती वंदना, स्वागत गीत एवं गणेश वंदना से हुई। इसके पश्चात बच्चों द्वारा देशभक्ति गीत, पंथी नृत्य, बस्तरिया डंडा नृत्य, गौरी-गौरा गीत की झांकी तथा स्वच्छता पर आधारित प्रेरक प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला की प्रधान पाठक रुक्मणी सेन एवं देवानंद त्रिपाठी द्वारा गुलाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में जनपद सदस्य रुक्मणी फूलदास पटेल, अध्यक्षता ग्राम सरपंच शिवकुमार मरकाम, विशेष अतिथि भाजपा महामंत्री तिलक श्रीवास एवं अजीज मोहम्मद मौजूद रहे। सरपंच द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाले बच्चों को पेन एवं कॉपी भेंट कर प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम में ग्राम के जनप्रतिनिधि हसीना बेगम, लीलाबाई साहू, रीमा पटेल, राम अवतार, टिकेंद्र मानिकपुरी, सुखराम मरकाम, देवराज पटेल, एसएमसी अध्यक्ष देवचरण मरकाम, टीकाराम साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक राजेश ठाकुर द्वारा किया गया।


