भास्कर न्यूज| लुधियाना शहर के डाबा रोड इलाके में स्थित एक होजरी फैक्टरी में देर रात भीषण आग लगने से पूरी फैक्टरी जलकर राख हो गई। आग इतनी भयानक थी कि फैक्टरी में रखा सारा सामान, मशीनें और तैयार होजरी उत्पाद पूरी तरह नष्ट हो गए। इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन फैक्टरी मालिक को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। फैक्टरी मालिक रोहित दुगल ने बताया कि घटना के समय वे अपने घर दुगरी में मौजूद थे। रात करीब 2 बजकर 25 मिनट पर उन्हें फैक्टरी के पास रहने वाले एक पड़ोसी का फोन आया, जिसने बताया कि उनकी फैक्टरी में आग लगी हुई है। सूचना मिलते ही रोहित दुगल करीब 15 मिनट में फैक्टरी पहुंचे। उस समय फैक्टरी से आग की ऊंची-ऊंची लपटें निकल रही थीं। उन्होंने बताया कि फैक्टरी की दोनों मंजिलों में आग पूरी तरह फैल चुकी थी, जिसके चलते आसपास के लोग भी डर के मारे अपने घरों से बाहर निकल आए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत 2 बजकर 30 मिनट पर फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। रोहित दुगल के अनुसार इस आगजनी में काफी ज्यादा नुकसान हो गया। आग लगने से फैक्टरी में रखा सारा होजरी सामान, स्वेटर और महंगी मशीनें जलकर राख हो चुकी थीं। फायर ब्रिगेड इंचार्ज जसविंदर सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही 5 मिनट में फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंच गई। एक घंटे में आग पर काबू पा लिया गया। उन्होंने बताया कि आसपास के लोगों ने भी बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी तेज थी कि इन प्रयासों का कोई खास असर नहीं हुआ। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।


