जयपुर | निगम अधिकारी विवादित कंपनी को वापस से यूडी टैक्स वसूली का ठेका देने की तैयारी कर रहे हैं। अधिकारियों ने टेंडर में कंपनी के मुताबिक की नियम शर्तें बनाई है। यह टेंडर मार्च माह में दिया जाएगा। निगम ने वर्तमान में यूडी टैक्स वसूली का ठेका स्पैरो सॉफ्टटेक लिमिटेड को दे रखा है। इस कंपनी का ठेका मार्च में खत्म हो रहा है। यह कंपनी वर्तमान में यूडी टैक्स वसूली में पूरी तरह से फेल साबित हुई है, क्योंकि ठेका शर्तों के अनुसार कंपनी को दो वर्षों में 6 लाख संपत्तियों का सर्वे किया जाना था, लेकिन कार्यकाल समाप्त होने तक 3 लाख से भी कम संपत्तियों का सर्वे हुआ। इसके बावजूद त्रुटिपूर्ण डेटा के आधार पर रिहायशी और छोटे व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर भारी टैक्स के नोटिस जारी कर दिए। कंपनी की अपेक्षा निगम के अधिकारी यूडी टैक्स वसूल रहे हैं, लेकिन भुगतान कंपनी को रहा है। कंपनी को बिना यूडी टैक्स वसूल किए ही निगम अधिकारी करीब 30 करोड़ रुपए का भुगतान कर चुके हैं।


