भास्कर न्यूज | अमृतसर केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा सांसद रवनीत सिंह बिट्टू 7 फरवरी को अमृतसर आएंगे। बिट्टू के एक दिवसीय दौरे को लेकर भाजपा जिला इकाई ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाध्यक्ष हरविंदर सिंह संधू ने पदाधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यक्रम की रूपरेखा तय की और जिम्मेदारियां सौंपी। संधू ने बताया कि केंद्रीय मंत्री बिट्टू के साथ भाजपा महिला मोर्चा पंजाब की प्रदेश अध्यक्ष जैइंदर कौर और प्रदेश नेतृत्व भी उपस्थित रहेगा। बिट्टू भाजपा जिला कार्यालय में शहर के बुद्धिजीवियों और उद्योगपतियों के साथ बैठक करेंगे, जहां पेश किए गए आम बजट पर चर्चा होगी। इसके बाद दोपहर 12:30 बजे प्रैस वार्ता और दोपहर 2:30 बजे महिंदरा कॉलोनी पार्क में महिलाओं से सीधा संवाद होगा।


