ओएमआर शीट में गड़बड़ी को लेकर उठे विवाद के बाद अब राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड ने चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी भर्ती की ओएमआर शीट शुक्रवार को ऑनलाइन जारी कर दी। यह ओएमआर मोबाइल नंबर डालने के बाद प्राप्त ओटीपी के जरिए देखी जा सकती है। बोर्ड ने फिलहाल इस भर्ती में दो गुणा में शामिल करीब 1.41 लाख अभ्यर्थियों की ओएमआर शीट को ऑनलाइन किया है। पिछले दिनों कई अभ्यर्थियों ने बोर्ड पर आरोप लगाया था कि इस भर्ती में बड़ी संख्या में ओएमआर शीट में गड़बड़ी की गई है। अब बोर्ड ने ओएमआर शीट सार्वजनिक कर गेंद अभ्यर्थियों के पाले में डाल दी है। बोर्ड अध्यक्ष आलोक राज का कहना है कि ओएमआर शीट में किसी तरह का फर्जीवाड़ा नहीं किया है। किसी अभ्यर्थी को ओएमआर शीट में गड़बड़ी, छेड़छाड़ या आपत्ति नजर आती है, तो वह निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपनी आपत्ति दर्ज करा सकता है। आगे अन्य भर्तियों की ओएमआर शीट भी होगी ऑनलाइन बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि हाल ही ओएमआर शीट को लेकर विवाद सामने आया था, जिसके चलते भर्ती परीक्षाओं की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हुए थे। ऐसे में बोर्ड ने निर्णय लिया है कि भविष्य में सभी भर्ती परीक्षाओं की ओएमआर शीट ऑनलाइन अपलोड की जाएगी। इसकी शुरुआत ग्रेड फोर्थ भर्ती परीक्षा से की गई है। बेरोजगारों ने उठाई मांग, ओटीपी का सिस्टम हटाया जाए बेरोजगार यूनियन अध्यक्ष हनुमान किसान ने कहा कि बोर्ड ने वाहवाही लूटने के लिए ओएमआर शीट ऑनलाइन करने की बात कही है। इसमें ओटीपी का ऐसा पेंच फंसा दिया कि कोई दूसरा व्यक्ति ओएमआर शीट नहीं देख सकता। अभ्यर्थी खुद की देख सकता है। किसी अभ्यर्थी ने बोर्ड के किसी कर्मचारी से मिलीभगत करके नंबर बढ़वाए तो वह क्यों सामने आएगा।


