प्रधानमंत्री मोदी आज विद्यार्थियों से करेंगे ‘परीक्षा पे चर्चा’:6 फरवरी को होगा राष्ट्रीय आयोजन, प्रदेश के सभी स्कूलों में सीधा प्रसारण

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 6 फरवरी को देशभर के विद्यार्थियों से ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम के तहत संवाद करेंगे। कार्यक्रम का राष्ट्रीय आयोजन नई दिल्ली में सुबह 10 बजे से किया जाएगा। मध्यप्रदेश के सभी शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त विद्यालयों में इसका सीधा प्रसारण होगा। राज्य स्तरीय कार्यक्रम राजधानी भोपाल के शासकीय सुभाष उत्कृष्ट विद्यालय में आयोजित किया जाएगा। यहां विद्यार्थी, अभिभावक, वरिष्ठ अधिकारी और विशिष्ट जन सजीव प्रसारण में सहभागिता करेंगे। स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह नरसिंहपुर जिले के चावरपाठा विकासखंड स्थित ग्राम तेंदूखेड़ा के शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में विद्यार्थियों के साथ कार्यक्रम में शामिल होंगे। ‘परीक्षा पे चर्चा’ के दौरान प्रधानमंत्री विद्यार्थियों की परीक्षाओं से जुड़ी शंकाओं का समाधान करेंगे और तनावमुक्त होकर सकारात्मक सोच के साथ परीक्षा देने के लिए प्रेरित करेंगे। वर्ष 2018 से शुरू हुए इस संवाद कार्यक्रम का यह नौवां संस्करण है। प्रदेश में ‘परीक्षा पे चर्चा’ में सहभागिता के लिए 1 दिसंबर से 11 जनवरी तक ऑनलाइन पंजीयन कराया गया था। इसमें मध्यप्रदेश से कक्षा 6वीं से 12वीं तक के 22 लाख 95 हजार से अधिक विद्यार्थी, 1 लाख 28 हजार से अधिक शिक्षक और 17 हजार से ज्यादा अभिभावकों सहित कुल 24 लाख 41 हजार 390 लोगों ने पंजीयन कराया। स्कूल शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार प्रदेश के सभी विद्यालयों, राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद तथा जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों में कार्यक्रम को समारोहपूर्वक आयोजित किया जाएगा। विद्यार्थियों को टीवी के साथ-साथ कंप्यूटर, लैपटॉप और अन्य इंटरनेट डिवाइस के माध्यम से भी लाइव प्रसारण देखने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को लेकर सभी कलेक्टरों और मैदानी अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *