भिंड में शिव विवाह की तैयारियों को लेकर जनसंपर्क किया:शिव बारात के मार्ग में होगी लाइटिंग, 200 से ज्यादा स्थानों पर लगेंगे स्वागत स्टॉल

भिंड शहर में महाशिवरात्रि पर्व पर निकलने वाली शिव बारात एवं प्रतीकात्मक शिव विवाह के आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। आयोजन समिति द्वारा शहरभर में जनसंपर्क किया जा रहा है। शिव बारात के मार्गों पर लाइटिंग की व्यवस्था की जाएगी, वहीं 200 से अधिक स्थानों पर स्वागत स्टॉल लगाए जाएंगे। महाशिवरात्रि पर्व पर भिंड शहर में हर वर्ष की तरह इस बार भी भव्य शिव बारात एवं शिव विवाह का आयोजन किया जाएगा। आयोजन समिति ने इसकी तैयारियां तेज कर दी हैं। समिति के सदस्य शहर के प्रतिष्ठित नागरिकों, व्यापारियों और सामाजिक संगठनों से संपर्क कर कार्यक्रम में सहभागिता का आह्वान कर रहे हैं। आयोजन समिति के सदस्य रमेश दुबे ने दैनिक भास्कर से चर्चा में बताया कि इस वर्ष शिव बारात महाशिवरात्रि की शाम कलेश्वर महादेव मंदिर, गौरी तालाब से निकलेगी, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए वनखंडेश्वर महादेव मंदिर पहुंचेगी। वहीं प्रतीकात्मक रूप से शिव विवाह संपन्न कराया जाएगा। शिव बारात में कई भावपूर्ण और आकर्षक झांकियां शामिल होंगी। नंदी महाराज का विशाल स्वरूप, अघोरियों की टोली सहित अन्य झांकियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
उन्होंने बताया कि जिन मार्गों से शिव बारात गुजरेगी, वहां लाइटिंग, स्वागत स्टॉल, सड़क पर झाड़ू और पानी छिड़काव जैसी व्यवस्थाओं को लेकर क्षेत्रवासियों से संपर्क किया गया है। शहरवासी उत्साह के साथ शिव बारात की अगवानी करेंगे। लोग अपने स्तर पर लाइटिंग और स्वागत स्टॉल लगाएंगे, जिनकी संख्या 200 से अधिक रहने की संभावना है। जगह-जगह भगवान शिव के दूल्हा स्वरूप की आरती उतारी जाएगी और पुष्पवर्षा की जाएगी।
जनसंपर्क के दौरान गौरी तालाब, अहिंसा पार्क, शास्त्री चौराहा, परेड चौराहा और सदर बाजार के व्यापारियों से बातचीत हो चुकी है। आयोजन समिति की ओर से शहरवासियों को पीले चावल देकर शिव बारात में शामिल होने का आमंत्रण दिया जाएगा। 14 तारीख को फलदान उत्सव और 15 तारीख को शिव बारात निकाली जाएगी।
लाल बत्ती की पालकी में सवार होंगे महादेव:
इस बार भी भगवान शिव दूल्हा स्वरूप में लाल बत्ती की आकर्षक पालकी में विराजमान होंगे। यह दृश्य श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण रहेगा। पालकी को कलात्मक रूप देने की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
शिव बारात की तैयारियों के दौरान हुए जनसंपर्क में रमेश दुबे, श्यामनारायण बाजपेयी, पार्षद हर्ष जैन, पार्षद गोलू सोनी, पार्षद राहुल जैन, राजीव शर्मा, जयनारायण दुबे, ओमप्रकाश अग्रवाल, बाबू सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *