सिक्किम के नामची में शुक्रवार सुबह 4.0 तीव्रता का भूकंप आया। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के अनुसार, भूकंप पृथ्वी की सतह से 5 किमी की गहराई पर सुबह 3:11 बजे आया। भूकंप में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। आज की अन्य बड़ी खबरें… श्रीनगर में पिता के साथ बेटा-बेटी ड्रग तस्करी करते गिरफ्तार, कार के साथ लाखों रुपए की हेरोइन जब्त जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर स्थित खानयार इलाके में पुलिस ने ड्रग तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक ही परिवार के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से लाखों रुपए की हेरोइन बरामद की गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुलजार अहमद मीर, उनकी बेटी मुस्कान गुलजार मीर और बेटे उबैद गुलजार के रूप में हुई है। पुलिस ने उस कार को भी जब्त कर लिया है, जिसका इस्तेमाल ड्रग सप्लाई में किया जा रहा था। पुलिस के मुताबिक, ये लोग लंबे समय से श्रीनगर में नशीले पदार्थों की सप्लाई करते थे। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि खानयार थाना पुलिस को ड्रग तस्करी से जुड़ी गुप्त सूचना मिली थी। इसके आधार पर एक वाहन को रोका गया, जिसकी तलाशी के दौरान भारी मात्रा में हेरोइन बरामद हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तीनों आरोपी श्रीनगर में ड्रग्स की सप्लाई करके बड़ी रकम कमा चुके थे। जब्त वाहन को भी ड्रग तस्करी से हुई कमाई से खरीदे जाने की बात सामने आई है। पुलिस ने खानयार थाने में संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। अहमदाबाद में आसाराम के 500 करोड़ के मोटेरा आश्रम पर चलेगा बुलडोजर गुजरात हाईकोर्ट ने दुष्कर्म के मामले में सजायाफ्ता आसाराम के अहमदाबाद स्थित मोटेरा आश्रम के भूखंड को अधिग्रहित करने की अनुमति दे दी है। मोटेरा में स्थित यह आश्रम आसाराम का मुख्य आश्रम है, जिसकी बाजार कीमत 500 करोड़ रुपए से अधिक आंकी गई है। हाईकोर्ट के इस फैसले के साथ वर्षों से चला आ रहा कानूनी विवाद समाप्त हो गया और आश्रम परिसर पर बुलडोजर कार्रवाई का रास्ता साफ हो गया। अहमदाबाद महानगर पालिका ने आश्रम परिसर में अवैध निर्माण और नियम उल्लंघन को लेकर समय-समय पर कई नोटिस जारी किए थे। जवाब में आश्रम प्रबंधन ने निर्माण को वैध घोषित कराने के लिए 30 से अधिक याचिकाएं दायर की थीं, जिससे मामला लंबे समय तक कोर्ट में उलझा रहा।


