कॉमेडके यूजीईटी / यूनिगेज 2025 प्रवेश परीक्षा की तारीख घोषित कर दी गई है। यह परीक्षा 10 मई 2025 को आयोजित होगी, जिसमें देशभर से 1.2 लाख से अधिक छात्रों के शामिल होने की उम्मीद है। होटल मैरियट में मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में कॉमेडके के एग्जीक्यूटिव सेक्रेटरी डॉ. कुमार ने कहा- कॉमेडके यूजीईटी परीक्षा के माध्यम से कर्नाटक के 150 से अधिक इंजीनियरिंग कॉलेजों और देशभर की 50 से ज्यादा निजी एवं स्व-वित्त पोषित यूनिवर्सिटीज में बी.ई/बी.टेक में प्रवेश मिलता है। परीक्षा का आयोजन कर्नाटक के निजी इंजीनियरिंग कॉलेजों के संघ (KUPECA) और यूनिगेज से जुड़े संस्थानों में प्रवेश के लिए किया जाता है। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू छात्र 3 फरवरी 2025 से 15 मार्च 2025 तक www.comedk.org और www.unigauge.com पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। कॉमेडके ने 2022 में छात्रों के कौशल विकास और व्यवसायिक तैयारियों को बढ़ाने के लिए कॉमेडके केर्स (KARES) इनोवेशन हब शुरू किए। कर्नाटक में अब 10 इनोवेशन हब हैं, जिनमें से 4 बेंगलुरु में और अन्य मैसूरु, कलबुर्गी, मैंगलोर, बेलगाम, तुमकुरु और हुबली में स्थित हैं। ये हब 5,000 स्क्वायर फुट क्षेत्र में फैले हैं। आधुनिक तकनीकों जैसे 3D प्रिंटिंग, रोबोटिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT) और डिजाइन थिंकिंग से लैस हैं। डॉ. कुमार ने कहा- कॉमेडके का उद्देश्य छात्रों को उनकी योग्यता के आधार पर शिक्षा का अवसर देना है। यह परीक्षा निष्पक्षता, पारदर्शिता और अवसर प्रदान करने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। ईआरए फाउंडेशन के सीईओ पी. मुरलीधर ने कहा कि यूनिगेज निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा प्रणाली को बनाए रखते हुए भारत के भावी कार्यबल के समग्र विकास में योगदान देता है।


