दतिया के सिकरी गांव निवासी एक महिला की महाराष्ट्र के नादेड़ में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पूनम कुशवाहा अपने पति केशव और देवर विशाल के साथ नादेड़ में पानी-पूड़ी का व्यापार करती थी। 9 फरवरी को अचानक उसकी तबीयत बिगड़ी तो पति ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां 10 फरवरी को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक 11 फरवरी को पति और देवर शव गांव सीकरी लेकर पहुंचे। मृतका के भाई जितेंद्र कुशवाहा ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि, उनकी बहन की शादी 2018 में हुई थी और 8 वर्षों में कोई संतान नहीं हुई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि न तो बीमारी और न ही मौत की सूचना परिवार को दी गई। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया मायके पक्ष की ओर से हत्या का आरोप लगाए जाने पर इंदरगढ़ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमॉर्टम कराया है। थाना प्रभारी वैभव गुप्ता ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस मौत के कारणों की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।


