हनुमानगढ़ में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने एक विशेष जागरूकता अभियान की शुरुआत की है। यह अभियान महानिदेशक भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, जयपुर के निर्देश पर चलाया जा रहा है। ब्यूरो चौकी हनुमानगढ़ के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पवन कुमार मीणा, उप पुलिस अधीक्षक नरेश कुमार गेरा और पुलिस निरीक्षक शालू बिश्नोई के नेतृत्व में विभिन्न टीमें गठित की गईं। इन टीमों ने संगरिया, टिब्बी, पीलीबंगा, हनुमानगढ़ टाउन और हनुमानगढ़ जंक्शन के विभिन्न सरकारी कार्यालयों में एसीबी के जागरूकता पोस्टर लगाए। विशेष रूप से गुरुसर ग्राम पंचायत में एक जन जागरूकता बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें पंचायत के प्रबुद्ध नागरिकों ने भाग लिया। टीम प्रभारियों ने आम जनता से सीधा संवाद स्थापित किया और उन्हें भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान लोगों को एसीबी की हेल्पलाइन नंबर 1064 और वॉट्सऐप नंबर 94135-02834 की जानकारी भी दी गई, जिस पर भ्रष्टाचार संबंधी शिकायतें दर्ज कराई जा सकती हैं।


