भास्कर न्यूज | अमृतसर भाजपा ने अपना 15 सूत्रीय चुनावी मैनिफेस्टो जारी करते हुए आप-कांग्रेस की खामियां गिनाईं। भाजपा नेताओं ने दोनों पर जनता को लूटने-कूटने का आरोप लगाया। पार्टी दफ्तर शहीद हरबंस लाल खन्ना स्मारक में जिला शहरी प्रधान हरविंदर सिंह संधू की अगुवाई में मैनिफेस्टो को जारी करने के लिए पूर्व सांसद और अमृतसर के चुनाव प्रभारी श्वेत मलिक, राजिंदर मोहन सिंह छीना, प्रदेश कार्यकारिणी मेंबर डॉ. जसविंदर सिंह ढिल्लों, गुरप्रताप सिंह टिक्का, जिला महासचिव मनीष शर्मा पहुंचे हुए थे। मलिक ने कहा कि भाजपा का मेयर बनने के बाद पार्टी गुमटाला बाईपास गंदे नाले को ढकेगी। हवाई अड्डे और रेलवे स्टेशन से देश-विदेश के लिए कनेक्टिविटी बढ़ाई जाएगी। केंद्र के सहयोग से मेट्रो प्रोजेक्ट शुरू किए जाएंगे। बीआरटीएस प्रोजेक्ट में सुधार कर उसे फिर से शुरू करवाया जाएगा। पीने के पानी की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा का एक ही नारा तथा लक्ष्य है, सबका साथ, सबका विकास और इसी को जनता द्वारा सार्थक करते हुए अमृतसर सहित पंजाब के सभी नगर निगमों में भाजपा का मेयर तथा नगर कौसिलों में भाजपा का अध्यक्ष बनाया जाएगा।


