धौलपुर में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार पंचायत समिति धौलपुर क्षेत्र की सभी ग्राम पंचायतों में मतदाता सूचियों के अद्यतन का कार्य शुरू कर दिया गया है। मतदाता सूचियों की तैयारी, दावे और आपत्तियां प्राप्त करने और उनके निस्तारण का कार्य निर्धारित कार्यक्रम के तहत किया जा रहा है। इसके लिए पंचायत समिति क्षेत्र की सभी ग्राम पंचायतों में प्रगणकों (बीएलओ) की नियुक्ति की गई है। आगामी पंचायत आम चुनाव 2026 के लिए मतदाता सूची में नाम जुड़वाने हेतु प्रपत्र-1, नाम हटवाने हेतु प्रपत्र-2 और नाम में संशोधन हेतु प्रपत्र-3 संबंधित प्रगणक (बीएलओ) को प्रस्तुत किए जा सकते हैं। प्राप्त आवेदनों की जांच के लिए तहसील धौलपुर के लिए तहसीलदार धौलपुर और तहसील मनियां के लिए तहसीलदार मनियां को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 7 फरवरी 2026 निर्धारित की गई है। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 25 फरवरी 2026 को किया जाएगा।


