राजस्थान हाईकोर्ट की जोधपुर मुख्यपीठ और जयपुर पीठ को शुक्रवार सुबह एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। सुबह करीब 11 बजे धमकी भरा ईमेल मिलते ही सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत मोर्चा संभाल लिया और आनन-फानन में परिसरों को खाली करवा लिया गया। धमकी की गंभीरता को देखते हुए सभी न्यायाधीश तुरंत कोर्टरूम से बाहर निकल आए और न्यायिक कार्य को तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया। बाद में पुलिस सुरक्षा के बीच सभी जजों का काफिला कोर्ट परिसर से बाहर निकल गया। हालांकि, कोर्ट स्टाफ और वकीलों में वर्किंग को लेकर असमंजस बनी हुई है। जानकारी के अनुसार, हाईकोर्ट प्रशासन को मिले धमकी भरे ईमेल में स्पष्ट क्या लिखा गया है, इसका खुलासा नहीं किया गया है। हालांकि, इतना जरूर बताया जा रहा है कि कोर्ट परिसर को बम विस्फोट से उड़ाने की धमकी दी गई है। खुफिया एजेंसियों से जुड़े सूत्रों के अनुसार ईमेल में तमिलनाडु का जिक्र करते हुए विस्फोट की चेतावनी दी गई। हालांकि, हाईकोर्ट प्रशासन ने किसी तरह की कोई जोखिम न लेते हुए पूरे परिसर में हाई अलर्ट घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की टीमें मौके पर पहुंच गईं और चप्पे-चप्पे की तलाशी शुरू कर दी गई। मुख्यपीठ परिसर में सुरक्षाकर्मी हर संदिग्ध वस्तु की जांच कर रहे हैं। वकीलों के समूहों में इस घटना को लेकर चर्चा है कि लगातार मिल रही ऐसी धमकियों से कोर्ट का काम प्रभावित हो रहा है, हालांकि पुलिस इसे गंभीरता से लेते हुए साइबर सेल की मदद से ईमेल भेजने वाले का आईपी एड्रेस ट्रेस करने में जुटी है।


